नल-जल योजना में रिश्वत लेते पंचायत सचिव गिरफ्तार, 15 हजार रुपये के साथ विजिलेंस ने रंगेहाथ दबोचा


पश्चिम चंपारण: जिले के नरकटियागंज प्रखंड की मलदहिया पंचायत में नल-जल योजना के भुगतान के बदले रिश्वत लेने के आरोप में निगरानी (विजिलेंस) विभाग ने पंचायत सचिव शंकर प्रसाद को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, नल-जल योजना के मेंटेनेंस कार्य कराने वाले संवेदक परवेज कौशर से भुगतान जारी करने के बदले पंचायत सचिव ने 28 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने 27 जुलाई को निगरानी विभाग में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के सत्यापन के बाद विभाग ने ट्रैप की योजना बनाई।

बुधवार को मलदहिया मदरसा परिसर में आयोजित सहयोग शिविर के दौरान पंचायत सचिव पहली किस्त के रूप में 15 हजार रुपये रिश्वत ले रहे थे। पहले से तैनात विजिलेंस टीम ने उन्हें मौके पर ही रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग की टीम ने पंचायत सचिव के हरदिया चौक स्थित निजी आवास पर भी छापेमारी की। इस दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और अभिलेख जब्त किए गए, जिनकी जांच की जा रही है।

विजिलेंस के डीएसपी कृपाल चंद्र जायसवाल ने बताया कि आरोपी पंचायत सचिव के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

— मिथिला हिंदी न्यूज़
रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू

👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.