परिसीमन पूरा होते ही होगा बिहार पंचायत चुनाव, मंत्री दीपक प्रकाश ने किया स्पष्ट

बिहार में आगामी पंचायत चुनाव को लेकर चल रही सभी अटकलों पर पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने विराम लगा दिया है। शिवहर दौरे के दौरान आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने स्पष्ट कहा कि राज्य में पंचायत चुनाव परिसीमन (डिलिमिटेशन) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि जैसे ही परिसीमन का कार्य समाप्त होगा, चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पंचायती राज व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है, जिससे पंचायतों का स्वरूप बदल रहा है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों के मानदेय, पंचायत सरकार भवनों के निर्माण और विकास योजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने बताया कि शिवहर जिले में 17 पंचायत सरकार भवनों का निर्माण जारी है, जबकि 49 स्थानों के लिए स्वीकृति मिल चुकी है। अब तक 15 भवन तैयार हो चुके हैं, जिनमें 11 में आरटीपीएस केंद्र और 7 में आधार सेवा केंद्र संचालित हैं। मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत जिले में 7,810 सोलर लाइटें लगाई जा चुकी हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना के लिए जिले की 19 पंचायतों का चयन किया गया है। वहीं मोक्षधाम योजना के तहत 53 में से 38 पंचायतों में शवदाह गृह का निर्माण जल्द शुरू होगा। मंत्री ने यह भी बताया कि वर्ष 2025-26 में शिवहर जिला परिषद को विभिन्न स्रोतों से 1.61 करोड़ रुपये से अधिक की आय प्राप्त हुई है। – मिथिला हिंदी न्यूज़ रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.