शराबबंदी से राजस्व का नुकसान हुआ, लेकिन समाज मजबूत हुआ: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

पटना: बिहार में शराबबंदी को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक बार फिर सरकार का पक्ष मजबूती से रखते हुए कहा कि शराबबंदी से राज्य को आर्थिक नुकसान जरूर हुआ, लेकिन इसका सबसे बड़ा लाभ समाज को मिला है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है और घरेलू हिंसा व पारिवारिक विवादों में कमी दर्ज की गई है। मुख्यमंत्री ने ये बातें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' के शुभारंभ कार्यक्रम में कहीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पश्चिम बंगाल और झारखंड जैसे राज्यों को शराब से हजारों करोड़ रुपये का राजस्व मिलता है, लेकिन बिहार ने समाजहित को प्राथमिकता देते हुए इस आय का त्याग किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 में, जब राज्य की आर्थिक स्थिति आज जैसी मजबूत नहीं थी, तब भी तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्ण शराबबंदी लागू करने का साहसिक निर्णय लिया। सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में शराबबंदी महिलाओं की मांग पर लागू की गई थी, क्योंकि शराब के कारण सबसे अधिक परेशानी परिवार की महिलाओं को उठानी पड़ती थी। उन्होंने दावा किया कि शराबबंदी के बाद महिलाओं की स्थिति में सुधार हुआ है और परिवारों में शांति बढ़ी है। मुख्यमंत्री ने यह भी स्वीकार किया कि कुछ लोग चोरी-छिपे शराब का सेवन करते हैं और कुछ लोग शराब पीने के लिए बिहार से बाहर देवघर, पश्चिम बंगाल, बनारस और कुशीनगर जैसे क्षेत्रों में जाते हैं। इसके बावजूद उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में शराबबंदी का सकारात्मक प्रभाव स्पष्ट दिखाई देता है। उन्होंने युवाओं से नशामुक्त भारत और विकसित बिहार के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को नुकसान पहुंचाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि नशामुक्त समाज के साथ बिहार एक बार फिर अपने गौरवशाली इतिहास की ओर बढ़ सकता है। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में बिहार की दो बड़ी चुनौतियों—नेपाल से आने वाली बाढ़ और बढ़ती आबादी—का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से बाढ़ की समस्या पर नियंत्रण के लिए लगातार काम हो रहा है, जबकि बढ़ती आबादी अब राज्य की आर्थिक ताकत बनती जा रही है। अंत में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि बिहार सरकार शराबबंदी को पूरी सख्ती के साथ आगे भी लागू रखेगी और नशामुक्त बिहार के लक्ष्य को हासिल करने के लिए समाज से सहयोग की अपील की। – मिथिला हिंदी न्यूज़ रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.