गृह रक्षा वाहिनी परीक्षा प्रश्नपत्र वायरल मामले में वीक्षक अनुष्का रानी गिरफ्तार

मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
नवादा। गृह रक्षा वाहिनी सेवा संवर्ग में अधिनायक लिपिक पद की लिखित परीक्षा के प्रश्नपत्र को कथित तौर पर अनधिकृत तरीके से बाहर ले जाकर वायरल करने के मामले में पुलिस ने बुधवार को वीक्षक अनुष्का रानी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उन्हें गोविंदपुर स्थित बीआरसी से पकड़ा। इस मामले में अजय कुमार को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। मामला 10 जून 2026 को द दीक्षा पब्लिक स्कूल, मालगोदाम छाय रोड स्थित परीक्षा केंद्र पर आयोजित गृह रक्षा वाहिनी सेवा संवर्ग की लिखित परीक्षा से जुड़ा है। परीक्षा केंद्र के कमरा नंबर-15 में अनुष्का रानी की वीक्षक के रूप में प्रतिनियुक्ति थी। इसी कमरे में एक अनुपस्थित परीक्षार्थी का प्रश्नपत्र रखा हुआ था। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में करीब 10:30 बजे अजय कुमार द्वारा प्रश्न पुस्तिकाओं पर मुहर लगाने के बाद उन्हें अपने साथ ले जाने की बात सामने आई है। आरोप है कि करीब 10 मिनट बाद प्रश्न पुस्तिकाएं वापस कमरे में रख दी गईं। बताया गया कि अजय कुमार की उक्त परीक्षा केंद्र पर ड्यूटी नहीं लगी थी, इसके बावजूद केंद्राधीक्षक ने उन्हें सहयोग के लिए वहां लगाया था। बाद में परीक्षा के प्रश्नपत्र की तस्वीर इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने की सूचना संबंधित आयोग को मिली। मामले की जानकारी सामने आने के बाद परीक्षा प्रक्रिया और प्रश्नपत्र को बाहर ले जाने की घटना की जांच शुरू की गई। स्टैटिक दंडाधिकारी सह प्रेक्षक की शिकायत पर नवादा नगर थाना में केंद्राधीक्षक गणेश पासवान, अजय कुमार, वीक्षक अनुष्का रानी समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोपितों पर परीक्षा प्रश्नपत्र को अनधिकृत तरीके से बाहर ले जाने और उसे वायरल करने का आरोप है। नवादा नगर थानाध्यक्ष उमाशंकर सिंह ने बताया कि बुधवार को वीक्षक अनुष्का रानी को गोविंदपुर स्थित बीआरसी से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई कर रही है। मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.