राहुल साह और मो. फैज के परिजनों से मिले तेजस्वी यादव, दोषियों पर कार्रवाई की मांग

दरभंगा: बाकरगंज निवासी स्वर्ण व्यवसायी राहुल साह और पुरानी मुंसिफी निवासी मो. फैज के परिजनों से नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने गुरुवार देर रात मुलाकात की। दोनों की पिछले दिनों हत्या कर दी गई थी। तेजस्वी यादव ने शोकाकुल परिवारों से घटना की जानकारी ली और उनके प्रति संवेदना व्यक्त की। महानगर युवा राजद जिलाध्यक्ष राकेश नायक की पहल पर हुई इस मुलाकात के दौरान व्यवसायी संघ के अध्यक्ष रजनीश कुमार उर्फ बबलू और सचिव सुनील गराई ने शहर में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं की जानकारी तेजस्वी यादव को दी। वहीं, मो. फैज के पिता मो. असद अहमद ने घटना से संबंधित विस्तृत ज्ञापन नेता प्रतिपक्ष को सौंपा। तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। दिनदहाड़े हत्या जैसी घटनाओं से आम लोगों और व्यवसायियों में भय का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में सरकार का इकबाल खत्म हो गया है। उन्होंने राहुल साह और मो. फैज हत्याकांड की निष्पक्ष और त्वरित जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। तेजस्वी यादव ने दोनों पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाया कि राजद इस दुख की घड़ी में उनके साथ मजबूती से खड़ा है और न्याय की लड़ाई में हरसंभव सहयोग करेगा। इस दौरान सांसद संजय यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री अली अशरफ फातमी, पूर्व मंत्री अब्दुल बारी सिद्दीकी, ललित यादव, पूर्व विधायक भोला यादव, फराज फातमी, शाहीन, राकेश नायक, अमानुल्लाह खान अल्लन, मुमताज आलम, महताब सिद्दीकी और जावेद अनवर समेत कई लोग मौजूद रहे। मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.