पटना/मदुरै। राजद सांसद अभय कुशवाहा ने अपनी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि 19 अगस्त को पटना में विरोध प्रदर्शन के बाद वे संसद की ऊर्जा संबंधी स्थायी समिति की बैठक में शामिल होने के लिए हैदराबाद गए थे। इसके बाद समिति के कार्यक्रम के सिलसिले में मदुरै पहुंचे।
अभय कुशवाहा के अनुसार, इस दौरान लगातार अस्वस्थ महसूस करने के बावजूद व्यस्त कार्यक्रम के कारण वे अपनी तबीयत पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे सके। 21 अगस्त की सुबह करीब 3 बजे अचानक उनकी स्वास्थ्य स्थिति गंभीर हो गई, जिसके बाद उन्हें आपातकालीन स्थिति में Velammal Hospital, Madurai में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने पेट में गंभीर अल्सर के कारण आंतरिक रक्तस्राव की पुष्टि की। इसके बाद डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार शुरू किया गया।
सांसद ने बताया कि फिलहाल उनका इलाज जारी है और डॉक्टर लगातार उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रख रहे हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 24 अगस्त की दोपहर से उनकी तबीयत में थोड़ा सुधार हुआ है।
अभय कुशवाहा ने अपने समर्थकों और शुभचिंतकों से उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करने की अपील की है। सांसद की तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आने के बाद समर्थकों और राजनीतिक सहयोगियों की ओर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।
मिथिला हिन्दी न्यूज
संपादक: रोहित कुमार सोनू