चार बार शादी तय, हर बार टूटा रिश्ता; युवती ने युवक पर छेड़छाड़ और धमकी देने का लगाया आरोप

दरभंगा के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती ने एक युवक पर पिछले दो वर्षों से छेड़छाड़, अश्लील इशारे करने और जबरन शादी के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि युवक और उसके परिजनों की कथित धमकियों के कारण उसकी चार बार शादी तय होने के बाद टूट चुकी है। मामले में युवती ने सिंहवाड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी में युवती ने आरोप लगाया है कि सनाउल्लाह (22) करीब दो वर्षों से उसे रास्ते में रोककर अभद्र और अश्लील इशारे करता है। साथ ही उस पर जबरन शादी करने का दबाव बनाता है। युवती के मुताबिक, लगातार हो रही परेशानी के कारण उसके माता-पिता ने उसकी पढ़ाई तक छुड़वा दी। शिकायत के अनुसार, युवती के पिता ने युवक के घर जाकर मामले को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वहां कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौज की गई। आरोप है कि युवक के परिजनों ने शादी नहीं करने पर परिवार को जान से मारने और जेल भिजवाने की धमकी दी। युवती ने पुलिस को बताया कि पिछले दो वर्षों में उसकी चार बार शादी तय हुई, लेकिन हर बार युवक और उसके परिजनों द्वारा लड़के पक्ष को कथित तौर पर धमकाए जाने के बाद रिश्ता टूट गया। युवती ने तेजाब फेंककर चेहरा खराब करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। शिकायत में कहा गया है कि 27 जुलाई को उसकी शादी तय हुई थी और तैयारियां चल रही थीं। आरोप है कि 7 अगस्त को सनाउल्लाह अपने साथ मो. समीर को लेकर लड़के वालों के घर पहुंचा और कथित तौर पर धमकी दी कि अगर बारात गांव पहुंची तो स्टेज पर गोली मार दी जाएगी और किसी को गांव से वापस नहीं जाने दिया जाएगा। इसके बाद लड़के वालों ने शादी से इनकार कर दिया। सामाजिक स्तर पर कई बार मामले को सुलझाने का प्रयास किया गया, लेकिन समाधान नहीं निकलने के बाद युवती ने पुलिस से शिकायत की। सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष वसंत कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच दारोगा दिलीप कुमार को सौंपी गई है। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है और आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

إرسال تعليق

0 تعليقات
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.