तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में मारी टक्कर, मां-बेटे गंभीर घायल; इलाज के दौरान बेटे की मौत

दरभंगा: बिशनपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से बाइक सवार मां-बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा एक निजी पब्लिक स्कूल के समीप हुआ। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया। इलाज के दौरान बेटे की मौत हो गई, जबकि उसकी मां की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक की पहचान फेकला थाना क्षेत्र के प्रेम जीवड़ गांव निवासी सत्तो ठाकुर के करीब 32 वर्षीय पुत्र बैजु कुमार ठाकुर के रूप में हुई है। बताया गया कि बैजु कुमार ठाकुर अपनी मां के साथ किसी काम से समस्तीपुर गए थे। शुक्रवार को दोनों बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बिशनपुर थाना क्षेत्र में निजी पब्लिक स्कूल के समीप तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार मां-बेटे सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल डीएमसीएच पहुंचाया। अस्पताल में इलाज के दौरान बैजु कुमार ठाकुर ने दम तोड़ दिया। वहीं उनकी मां का इलाज जारी है और उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजन डीएमसीएच पहुंच गए। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस दुर्घटना में शामिल पिकअप और उसके चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

إرسال تعليق

0 تعليقات
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.