समस्तीपुर में रेलवे संपत्ति चोरी करते दो गिरफ्तार, कबाड़ दुकान पर भी छापेमारी

समस्तीपुर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के समस्तीपुर पोस्ट की टीम ने रेलवे संपत्ति चोरी करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी देर रात रेलवे के पेंड्रोल क्लिप और सिग्नल प्वाइंट मशीन के ढक्कन चोरी कर ले जा रहे थे। आरोपियों से रेलवे की चोरी की गई संपत्ति भी बरामद की गई है। जानकारी के अनुसार, आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में अपराध आसूचना शाखा समस्तीपुर के प्रधान आरक्षी संतोष कुमार झा और पुरुषोत्तम कुमार, सहायक उपनिरीक्षक शशिकांत तिवारी, आरक्षी अजीत कुमार राय और वाटर कैरियर लाखन सिंह की संयुक्त टीम गठित की गई थी। टीम रेलवे क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर निगरानी रख रही थी। इसी दौरान टीम समस्तीपुर-मुक्तापुर रेलखंड स्थित समपार फाटक संख्या 1 ए के पास पहुंची। रात करीब 12:50 बजे टीम ने देखा कि दो व्यक्ति अपने सिर पर भारी सामान लादकर मुक्तापुर की ओर से रेलवे लाइन के रास्ते आ रहे हैं। संदेह होने पर दोनों को किलोमीटर संख्या 02/25 के पास अप लाइन में घेरकर रोक लिया गया। पूछताछ और पहचान के बाद दोनों की पहचान विवेक कुमार, निवासी मथुरापुर, बंगाली गाछी, वार्ड नंबर 12, थाना मथुरापुर और चंदन महतो, निवासी झिल्ली चौक के रूप में हुई। तलाशी के दौरान विवेक कुमार के पास से रेलवे सिग्नल प्वाइंट मशीन का एक ढक्कन और दो पेंड्रोल क्लिप बरामद किए गए। वहीं चंदन महतो के पास से सिग्नल प्वाइंट मशीन के दो ढक्कन और दो पेंड्रोल क्लिप बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने आरपीएफ को बताया कि वे चोरी की रेलवे संपत्ति को लक्ष्मिनिया स्थित मुन्ना कबाड़ी की दुकान पर बेचते थे। इसके बाद स्थानीय थाना पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार आरोपी विवेक कुमार की निशानदेही पर लक्ष्मी चौक स्थित मुन्ना रजक की कबाड़ दुकान पर छापेमारी की गई। मुन्ना रजक, मोतीलाल रजक का पुत्र और परतापुर, थाना कल्याणपुर का निवासी बताया गया है। हालांकि तलाशी के दौरान कबाड़ दुकान से रेलवे की कोई संपत्ति बरामद नहीं हुई। इसके कारण मौके पर जब्ती सूची शून्य तैयार की गई। इस मामले में सहायक उपनिरीक्षक शशिकांत तिवारी के बयान पर आरपीएफ पोस्ट समस्तीपुर में रेल संपत्ति अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। मामले की आगे की जांच सहायक उपनिरीक्षक सुमित कुमार कर रहे हैं। मिथिला हिंदी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.