बिहार में 18 जिलों में येलो अलर्ट, किशनगंज-कैमूर में भारी बारिश की चेतावनी

बिहार में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कहीं बारिश से लोगों को राहत मिल रही है तो कहीं तेज धूप और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। इस बीच मौसम विभाग ने आज राज्य के 18 जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार बक्सर, भोजपुर, अरवल, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, बांका और जमुई में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कई जगहों पर बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। वहीं किशनगंज और कैमूर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक कुछ जिलों में मौसम सामान्य रह सकता है, लेकिन बारिश नहीं होने की स्थिति में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार बिहार में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहेगा। 12 अगस्त तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। इस दौरान उत्तर बिहार और सीमांचल के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद 13 और 14 अगस्त को पूरे बिहार में झमाझम बारिश होने का अनुमान जताया गया है। पिछले 24 घंटे के दौरान पटना समेत बिहार के कई जिलों में बारिश हुई। पटना में दिनभर धूप और बादलों की आवाजाही बनी रही, जबकि रात में कई इलाकों में तेज बारिश हुई। बारिश के कारण कुछ जगहों पर लोगों को गर्मी से राहत मिली, जबकि अन्य इलाकों में उमस का असर बना रहा। राज्य में तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। इधर, नेपाल में हो रही लगातार बारिश का असर बिहार की नदियों पर भी दिखाई दे रहा है। कई नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी हुई है। मुजफ्फरपुर में बागमती नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे बसे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। कई इलाकों में पानी घरों तक पहुंचने की स्थिति बनी हुई है। वहीं बेगूसराय में गंगा नदी के आसपास कटाव शुरू होने से नदी किनारे रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। मिथिला हिंदी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.