👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
समस्तीपुर–सहरसा पैसेंजर मेमू ट्रेन के इंजन में भीषण आग, यात्रियों में मची अफरातफरी
0
August 02, 2026
सहरसा: समस्तीपुर से सहरसा आ रही पैसेंजर मेमू ट्रेन के इंजन में सोमवार तड़के अचानक भीषण आग लग गई। घटना सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर रात करीब 3:45 बजे हुई। प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेन के इंजन से अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें इंजन से बढ़ते हुए ट्रेन की कई बोगियों तक पहुंच गईं, जिससे स्टेशन परिसर में अफरातफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इंजन से धुआं उठने के कुछ ही मिनटों बाद आग ने पूरी तरह इंजन को अपनी चपेट में ले लिया। आग तेजी से फैलने लगी, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई। लोग अपना सामान छोड़कर किसी तरह ट्रेन से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचे।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों को अवगत कराया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड की टीम करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। तब तक आग कई बोगियों तक फैल चुकी थी। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और स्थिति को नियंत्रित किया।
फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, इंजन और कुछ बोगियों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
।
— मिथिला हिन्दी न्यूज
रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू
