👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
सीतामढ़ी समेत 24 जिलों में तेज बारिश और वज्रपात की संभावना, 5–6 अगस्त तक मौसम रहेगा सक्रिय; ठनका गिरने से 7 लोगों की मौत
0
August 02, 2026
पटना: बिहार में मानसून का मिलाजुला असर देखने को मिल रहा है। सोमवार सुबह राजधानी पटना समेत कई जिलों में झमाझम बारिश हुई, जिससे लोगों को उमस से राहत मिली। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के 24 जिलों में तेज बारिश, आंधी और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। वहीं गोपालगंज और सीवान में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, सारण, सीवान, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, बांका और जमुई जिलों में तेज हवा के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 5 से 6 अगस्त तक राज्य में ऐसा ही मौसम बना रह सकता है।
पिछले 24 घंटों के दौरान पटना, छपरा, सुपौल, बांका, सीतामढ़ी, पूर्णिया और मधेपुरा समेत कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। कई स्थानों पर जलजमाव की स्थिति भी बनी, जबकि जिन इलाकों में बारिश नहीं हुई वहां लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा।
आईएमडी पटना के अनुसार इस मानसून सीजन में बिहार में अब तक 43 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। 2 अगस्त सुबह 8:30 बजे तक राज्य में 299 मिमी बारिश हुई, जबकि सामान्य तौर पर इस अवधि में 522.2 मिमी वर्षा होनी चाहिए थी।
बारिश के साथ वज्रपात भी जानलेवा साबित हो रहा है। बांका जिले में ठनका गिरने से एक महिला और पांच वर्षीय मासूम सहित छह लोगों की मौत हो गई। वहीं मुजफ्फरपुर के कटरा में भी आकाशीय बिजली गिरने से प्रियंका देवी की मौत हो गई।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें तथा वज्रपात के समय सुरक्षित भवन में शरण लें।
— मिथिला हिन्दी न्यूज
रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू
