पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उपेंद्र कुशवाहा ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने तेजस्वी यादव की विदेश यात्राओं और जनता के बीच उनकी मौजूदगी को लेकर सवाल उठाए।
उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि तेजस्वी यादव पहले फैसला लेते हैं और बाद में उस पर अफसोस करते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि तेजस्वी ऐसे नेता हैं, जो कभी भी विदेश जा सकते हैं। नेता प्रतिपक्ष को लगातार जनता के बीच रहना चाहिए, लेकिन उनका ज्यादा समय विदेश में बीतता है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में बांकीपुर में चुनाव हुआ, लेकिन तेजस्वी यादव वहां दिखाई नहीं दिए और दो दिन पहले पहुंचे। कुशवाहा ने दावा किया कि इसके बाद वह फिर विदेश चले जाएंगे।
दीपक प्रकाश से जुड़े मामले और तेजस्वी यादव के डीजीपी से मुलाकात पर कुशवाहा ने कहा कि इस मामले में पहले से ही सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव नेता प्रतिपक्ष हैं और उन्हें जो करना है, करते रहें, इसमें किसी को कोई दिक्कत नहीं है।
कुशवाहा ने विपक्ष को जनता के बीच रहने की नसीहत देते हुए कहा कि विपक्ष को जनता के बीच रहना चाहिए, लेकिन खुद ही गायब हो जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि बिहार सरकार मजबूती से काम कर रही है और उसे अपना काम करने देना चाहिए।
उन्होंने बिहार के विकास का श्रेय सरकार को देते हुए कहा कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार का विकास आगे बढ़ रहा है। तेजस्वी यादव को सोचना चाहिए कि मुख्यमंत्री और सरकार लगातार विकास के काम कर रहे हैं, इसके बावजूद इस तरह के अनर्गल बयान क्यों दिए जा रहे हैं।