परीक्षा सुधार को लेकर सीएम सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान, बोले- एक आदमी ने ईमान बेचा तो पेपर मार्केट में आ जाता है


बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने परीक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर बड़ा बयान दिया है। रविवार को शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला-सह चिंतन शिविर के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा सुधार सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है।

सम्राट चौधरी ने कहा कि तकनीक का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में अगर पूरे सिस्टम में एक व्यक्ति भी अपना ईमान बेच देता है तो प्रश्नपत्र बाजार में पहुंच जाता है। उन्होंने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में यदि एक भी व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रहता है तो इसका असर पूरी व्यवस्था पर पड़ता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए एक कमेटी गठित करने का फैसला किया है। यह कमेटी परीक्षा प्रणाली को बेहतर बनाने के साथ-साथ दुनिया में इस्तेमाल हो रही आधुनिक तकनीकों का भी अध्ययन करेगी। इसके आधार पर बिहार में परीक्षाओं को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राज्य में होने वाली अलग-अलग परीक्षाओं में किसी न किसी स्तर पर समस्या सामने आती रहती है। अब सरकार को इस पर विशेष रूप से फोकस करना होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा पीढ़ी को यह महसूस नहीं होना चाहिए कि उनके साथ किसी तरह का धोखा हुआ है। परीक्षा व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए, जिसमें मेहनत करने वाले विद्यार्थियों को उनके परिश्रम का उचित परिणाम मिले और पूरी प्रक्रिया पर छात्रों का भरोसा बना रहे।

👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.