हर घर तिरंगा अभियान के कार्यक्रम से दोनों डिप्टी सीएम रहे गायब, देर से पहुंचे दो मंत्री तो गेट पर रोक दिया


बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को 'हर घर तिरंगा' अभियान का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम में राज्य के दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव शामिल नहीं हुए। दोनों के कार्यक्रम से नदारद रहने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। इस मामले में जेडीयू की ओर से भी अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

हालांकि कार्यक्रम में जेडीयू की ओर से मंत्री अशोक चौधरी और मंत्री लेशी सिंह मौजूद रहीं। दोनों नेताओं की मौजूदगी के बीच दोनों उपमुख्यमंत्रियों की गैरमौजूदगी राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई।

देर से पहुंचे मंत्री, गेट पर करना पड़ा इंतजार

कार्यक्रम में मंत्री दिलीप जायसवाल और बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी भी निर्धारित समय से कुछ देर बाद पहुंचे। दोनों नेताओं के पहुंचने पर गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल गेट खोलने से इनकार कर दिया।

इसके बाद दोनों मंत्री कुछ देर तक अपनी-अपनी गाड़ियों में बैठे रहे और अंदर से अनुमति मिलने का इंतजार करते रहे। कुछ समय बाद जब कार्यक्रम स्थल के अंदर से प्रवेश की अनुमति मिली, तब सुरक्षाकर्मियों ने गेट खोला और दोनों मंत्रियों को कार्यक्रम में प्रवेश दिया गया।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को 'हर घर तिरंगा' अभियान से जोड़ना और स्वतंत्रता दिवस के मौके पर घर-घर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना है।

👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.