👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
स्कॉर्पियो की टक्कर से 15 वर्षीय बच्ची की मौत, आधा किलोमीटर तक घसीटती रही
0
September 05, 2026
समस्तीपुर। उजियारपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय बच्ची की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार उसका भाई घायल हो गया। हादसा सातनपुर एनएच-122 से सरायरंजन बाजार जाने वाली सड़क पर चांदचौर करिहारा पंचायत के माधोडीह गांव के समीप हुआ।
मृतका की पहचान मोहिउद्दीननगर प्रखंड के मदुदाबाद गांव निवासी विजय दास की पुत्री कविता कुमारी (15) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, कविता उजियारपुर के रायपुर पंचायत के वार्ड दो स्थित अपने रिश्तेदार पप्पू दास के घर से बाइक से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान माधोडीह गांव के समीप तेज गति से आ रही एक स्कॉर्पियो ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन लेकर भागने लगा। इसी दौरान बाइक पर सवार कविता स्कॉर्पियो में फंस गई। चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसे आगे बढ़ाता रहा, जिससे बच्ची करीब आधा किलोमीटर तक सड़क पर घसीटती चली गई। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे में बाइक पर सवार कविता का भाई भी घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेज दिया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजनों में मातम छा गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे में शामिल स्कॉर्पियो तथा उसके चालक की तलाश में जुटी है।
मिथिला हिन्दी न्यूज
संपादक: रोहित कुमार सोनू
