आरा जंक्शन पर बड़ा रेल हादसा टला, महानंदा एक्सप्रेस के दो कोच पटरी से उतरे

आरा। आरा जंक्शन के यार्ड के समीप रविवार की अहले सुबह बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। अलीपुरद्वार से दिल्ली जा रही महानंदा एक्सप्रेस के दो कोच के पहिए अचानक पटरी से उतर गए। घटना करीब सुबह चार बजे की बतायी जा रही है। ट्रेन में जोरदार झटका लगने के बाद यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गयी। जानकारी के अनुसार, महानंदा एक्सप्रेस रविवार की सुबह आरा जंक्शन पहुंची थी। निर्धारित ठहराव के बाद ट्रेन जैसे ही आगे बढ़ी, जंक्शन के समीप यार्ड क्षेत्र में उसके दो कोच के पहिए पटरी से उतर गये। घटना के समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। अचानक तेज झटका लगने के बाद ट्रेन रुक गयी। चालक की सतर्कता और सूझबूझ से स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। इससे बड़ा हादसा होने की आशंका टल गयी। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी, तकनीकी कर्मचारी और इंजीनियरिंग टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण शुरू किया। दो कोच के पहिए पटरी से उतरने के कारण आरा जंक्शन की अप लाइन पर रेल परिचालन प्रभावित हुआ। कई ट्रेनों की आवाजाही बाधित होने की जानकारी है। पंजाब मेल और विभूति एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनों को विभिन्न स्थानों पर रोकना पड़ा। रेलवे की तकनीकी टीम ट्रैक और प्वाइंट की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि ट्रेन के पहिए पटरी से उतरने के पीछे ट्रैक, प्वाइंट या किसी अन्य तकनीकी खराबी की भूमिका रही है या नहीं। घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व मध्य रेलवे की महाप्रबंधक डिंपी गर्ग और दानापुर मंडल के डीआरएम विनोद कुमार भी अधिकारियों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से पूरी जानकारी ली। अधिकारियों को जल्द से जल्द ट्रैक बहाल कर रेल परिचालन सामान्य करने का निर्देश दिया गया है। फिलहाल हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। रेलवे की जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और नुकसान की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। महानंदा एक्सप्रेस अलीपुरद्वार और दिल्ली के बीच चलने वाली महत्वपूर्ण लंबी दूरी की ट्रेन है। आरा जंक्शन के यार्ड क्षेत्र में हुई इस घटना ने रेल सुरक्षा और ट्रैक रखरखाव को लेकर सवाल खड़े कर दिये हैं। हालांकि, जांच रिपोर्ट आने से पहले हादसे के लिए किसी एक कारण को जिम्मेदार ठहराना जल्दबाजी होगी। मिथिला हिन्दी न्यूज संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.