सीतामढ़ी में साइबर पुलिस की कार्रवाई, गलत खाते में गई 16,900 रुपये की रकम वापस कराई

सीतामढ़ी: साइबर थाने की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक की मेहनत की कमाई वापस कराने में सफलता हासिल की है। ऑनलाइन लेनदेन के दौरान तकनीकी त्रुटि के कारण पीड़ित जीत कुमार के बैंक खाते से 16,900 रुपये किसी अज्ञात व्यक्ति के बैंक खाते में ट्रांसफर हो गए थे। इसकी लिखित शिकायत मिलते ही साइबर थाने की तकनीकी टीम सक्रिय हो गई। पुलिस ने तत्काल संबंधित बैंक प्रबंधन से संपर्क किया और गलत खाते में ट्रांसफर हुई पूरी रकम को होल्ड करा दिया। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए 16,900 रुपये की पूरी राशि सुरक्षित रूप से पीड़ित जीत कुमार के मूल बैंक खाते में वापस करा दी गई। साइबर थाना पुलिस ने लोगों को ऑनलाइन लेनदेन में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। पुलिस के अनुसार किसी भी वित्तीय धोखाधड़ी या गलत ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के बाद शुरुआती एक घंटा बेहद महत्वपूर्ण होता है। इसे ‘गोल्डन ऑवर’ कहा जाता है। इस दौरान शिकायत मिलने पर रकम को होल्ड कराने और वापस कराने की संभावना अधिक रहती है। पुलिस ने अपील की है कि ऑनलाइन फ्रॉड या गलत बैंक ट्रांजैक्शन होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। इसके अलावा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। पीड़ित नजदीकी थाने में भी इसकी सूचना दे सकते हैं। पुलिस ने कहा कि साइबर अपराध या गलत वित्तीय लेनदेन की जानकारी मिलने में जितनी देरी होगी, रकम वापस कराने की संभावना उतनी ही प्रभावित हो सकती है। इसलिए किसी भी तरह की ऑनलाइन वित्तीय गड़बड़ी होने पर तत्काल कार्रवाई करना जरूरी है। मिथिला हिन्दी न्यूज संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.