👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
दरभंगा नगर निगम क्षेत्र में बढ़ा बंदरों का आतंक, पार्षदों ने की पूरे शहर में अभियान चलाने की मांग
0
September 03, 2026
दरभंगा: दरभंगा नगर निगम क्षेत्र में बंदरों के बढ़ते आतंक से आम लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। शहर के कई इलाकों में बंदरों की संख्या बढ़ने से लोगों को घर से बाहर निकलने में भी सावधानी बरतनी पड़ रही है। स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई जगह बंदर घरों में घुसकर सामान को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
बंदरों की समस्या के समाधान और उन्हें पकड़ने के लिए पूरे नगर निगम क्षेत्र में अभियान चलाने की मांग को लेकर पार्षदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को वन प्रमंडल अधिकारी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने निजी स्तर पर चलाए जा रहे बंदर पकड़ने के अभियान को पूरे शहर में विस्तार देने की मांग की। इसके साथ ही जिलाधिकारी कार्यालय में भी इस संबंध में प्रस्ताव सौंपा गया।
पार्षदों ने बताया कि दरभंगा नगर निगम के कई वार्डों में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। बंदर घरों में घुसकर घरेलू सामान को नुकसान पहुंचाने के साथ लोगों के लिए भी खतरा पैदा कर रहे हैं। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ रही है। पार्षदों ने कहा कि समस्या अब गंभीर होती जा रही है और इसका स्थायी समाधान जरूरी है।
प्रतिनिधिमंडल में वार्ड 31 के पार्षद नफीसुल हक रिंकू, वार्ड 46 के राजू पासवान, वार्ड 21 के नवीन सिन्हा, वार्ड 5 की पूजा मंडल, वार्ड 22 की रिंकू कुमारी तथा पार्षद प्रतिनिधि आशुतोष कुमार और मुन्ना खान शामिल थे। पार्षदों ने वन प्रमंडल अधिकारी से बंदरों को पकड़ने के लिए व्यवस्थित अभियान चलाने का आग्रह किया।
पार्षदों ने जिलाधिकारी कार्यालय में सौंपे गए प्रस्ताव में भी पूरे दरभंगा नगर निगम क्षेत्र में बंदरों को पकड़ने के लिए अभियान शुरू कराने की मांग की। उनका कहना है कि केवल निजी स्तर पर चलने वाला अभियान पर्याप्त नहीं है। वन विभाग और प्रशासन के स्तर से पूरे शहर में समन्वित अभियान चलाए जाने की जरूरत है।
जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से जल्द ठोस कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि बंदरों के आतंक से शहरवासियों को राहत मिल सके और बच्चों, बुजुर्गों तथा आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
मिथिला हिन्दी न्यूज
संपादक: रोहित कुमार सोनू
