23 राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है आंधी, बिहार-यूपी समेत कई राज्यों में मौसम बिगड़ने की चेतावनी

मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
मानसून के रौद्र रूप के बीच मौसम विभाग ने 26 सितंबर को लेकर कई राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की है। मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, झारखंड समेत देश के 23 राज्यों में मूसलाधार बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान कुछ इलाकों में 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। तेज आंधी के कारण पेड़ उखड़ने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और जनजीवन प्रभावित होने का खतरा है। वहीं, पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन की आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का असर देखने को मिल सकता है। कुछ राज्यों में ओलावृष्टि की भी संभावना है। पूर्वी भारत के कई हिस्सों में तूफानी हवाओं के साथ बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।

बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव के क्षेत्र के कारण पूर्वी भारत के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर बना गहन अवदाब पिछले छह घंटों के दौरान लगभग सात किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा है। इसके प्रभाव से तटीय इलाकों में तेज हवाएं चलने और समुद्र में ऊंची लहरें उठने की आशंका है।

समुद्र में खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में जाने से बचने और समुद्र तटों के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के आसपास समुद्र की स्थिति खराब रहने की आशंका जताई गई है, जिसके बाद धीरे-धीरे हालात में सुधार होने की संभावना है।

बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड और दिल्ली समेत कई राज्यों में बारिश के पूर्वानुमान के बीच लोगों की नजर मौसम विभाग की चेतावनियों पर टिकी हुई है। भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, सड़कों पर आवागमन में परेशानी और सामान्य जनजीवन प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।

मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू, संपादक

👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.