मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यशैली को लेकर विपक्षी दलों की ओर से सवाल उठाए जा रहे हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है। इस बीच केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने चुनाव आयोग की भूमिका और उसकी जवाबदेही को लेकर अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि अगर चुनाव आयोग के ऊपर सवाल खड़े हो रहे हैं, तो यह आयोग की जिम्मेदारी है कि वह अपने पक्ष को मजबूती से जनता के सामने रखे।
शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान चिराग पासवान ने कहा कि विपक्ष क्या कहता है, इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि विपक्ष का काम राजनीति करना है। हालांकि, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि चुनाव आयोग के प्रति जनता का विश्वास कायम रहना बेहद जरूरी है। उनके मुताबिक, लोकतंत्र में चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता को लेकर लोगों के मन में किसी तरह का संदेह नहीं होना चाहिए।
चिराग पासवान ने कहा कि अगर चुनावी प्रक्रिया के ऊपर ही जनता का संदेह खड़ा हो जाता है, तो यह सही स्थिति नहीं होगी। ऐसे में चुनाव आयोग को अपनी बातों को मजबूती और स्पष्टता के साथ जनता के सामने रखना चाहिए, ताकि लोगों के मन में किसी तरह का भ्रम या संदेह न रहे।
चुनाव आयोग की कार्यशैली को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों के बीच चिराग पासवान का यह बयान सामने आया है। उन्होंने एक तरफ विपक्ष की राजनीतिक भूमिका पर टिप्पणी की, तो दूसरी तरफ चुनाव आयोग से जनता के बीच विश्वास बनाए रखने के लिए अपना पक्ष स्पष्ट रूप से रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।
मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू, संपादक
👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार