👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
पुपरी में किराये के मकान में 26 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिला, पत्नी ने नशे को लेकर विवाद की बात कही; बहन ने लगाया हत्या का आरोप
0
September 19, 2026
सीतामढ़ी जिले के पुपरी नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 18 में शनिवार को 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक का शव किराये के मकान में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान अररिया जिले के शिवनगर मोहल्ला निवासी रामू दास के पुत्र चंदन कुमार के रूप में हुई है।
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सीतामढ़ी भेज दिया। मामले की जांच के लिए एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जहां टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
बताया गया है कि चंदन कुमार पिछले करीब दो वर्षों से अपनी पत्नी ज्योति कुमारी के साथ पुपरी में किराये के मकान में रह रहा था। उसकी पत्नी एक निजी जांच घर में काम करती है। पुलिस के अनुसार, चंदन के साथ रह रहे एक व्यक्ति ने घटना की जानकारी उसकी पत्नी को दी। सूचना मिलने के बाद ज्योति जब घर पहुंची तो चंदन का शव फंदे से लटका हुआ मिला। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी सह एसडीपीओ सुनीता कुमारी, पुपरी थानाध्यक्ष रामशंकर कुमार, दारोगा रंजीत कुमार समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास की परिस्थितियों की जानकारी ली।
चंदन की पत्नी ज्योति कुमारी ने पुलिस को बताया कि उसका पति नशे का सेवन करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। ज्योति के अनुसार, वह पिछले चार दिनों से अपने मायके बिरौली में रह रही थी। बताया गया है कि ज्योति और चंदन की शादी वर्ष 2020 में हुई थी और दोनों की एक पुत्री भी है।
इधर, मृतक की बहन आरती कुमारी ने चंदन की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। उसका आरोप है कि पत्नी और उसके भाई ने मिलकर चंदन की गला दबाकर हत्या कर दी और बाद में शव को फंदे से लटका दिया। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या या आत्महत्या की पुष्टि नहीं की है। परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों को भी जांच के दायरे में रखा गया है।
एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। एएसपी ने बताया कि घटनास्थल की एफएसएल जांच कराई गई है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू
संपादक: रोहित कुमार सोनू
