समस्तीपुर में घर के बाहर सो रहे ग्रामीण चिकित्सक के बेटे की गोली मारकर हत्या, पैर बांधने के निशान से बढ़ा रहस्य

समस्तीपुर जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र की परोरिया पंचायत के केसरोरा गांव में शनिवार की सुबह घर के बाहर सो रहे ग्रामीण चिकित्सक मो. सुल्तान के पुत्र गुलजार अहमद उर्फ शाहीन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिजनों के अनुसार, शाहीन को तीन गोलियां मारी गई हैं। उनके पैर पर किसी चीज से बांधे जाने के निशान भी मिले हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की। परिजनों के अनुसार, शाहीन प्रतिदिन घर के दरवाजे पर सोते थे। शनिवार की सुबह परिवार के लोग सोकर उठे और उन्हें जगाने के लिए पहुंचे। वहां खून के धब्बे देखकर परिजन सहम गए। इसके बाद आसपास के लोगों और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे भी बरामद किए हैं। शाहीन के पैर पर बांधे जाने के निशान मिलने से हत्या की घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक का शरीर भारी-भरकम था और आशंका जताई जा रही है कि वारदात में एक से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी और घटना में कितने लोग शामिल थे, यह पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। स्थानीय लोगों ने बताया कि शाहीन मिलनसार स्वभाव के थे और उनका किसी से कोई विवाद होने की जानकारी नहीं थी। घटना की सूचना मिलते ही हसनपुर थानाध्यक्ष सुनील कांत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। रोसड़ा डीएसपी संजय कुमार सिन्हा भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया अज्ञात अपराधियों द्वारा वारदात को अंजाम दिए जाने की बात सामने आ रही है। वैज्ञानिक जांच के बाद घटना से जुड़े तथ्यों की स्थिति और स्पष्ट होगी। घटनास्थल पर एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया गया। टीम ने मौके से आवश्यक नमूने और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास के हालात और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर वारदात की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। थानाध्यक्ष सुनील कांत ने बताया कि पुलिस हत्या के मामले में कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। अपराधियों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस की ओर से कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जल्द ही मामले का उद्भेदन करने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर भेज दिया है। घटना के बाद मृतक के परिवार में चीख-पुकार मची हुई है और केसरोरा गांव का माहौल गमगीन है। बताया गया है कि गुलजार अहमद उर्फ शाहीन के चार पुत्र और दो पुत्रियां हैं। इनमें दो पुत्रों की शादी हो चुकी है, जबकि दो पुत्र और दोनों पुत्रियां अभी अविवाहित हैं। घटना के बाद ग्रामीणों में भी दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीरता बरतने, हत्या की उच्चस्तरीय जांच कराने और वारदात में शामिल अपराधियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.