👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
बाजपट्टी में दो घरों में भीषण चोरी, नशीला स्प्रे छिड़ककर 30 लाख के जेवर ले गए बदमाश
0
September 17, 2026
मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू
सीतामढ़ी जिले के बाजपट्टी थाना क्षेत्र के बनगांव दक्षिणी वार्ड नंबर पांच में बेखौफ बदमाशों ने देर रात दो घरों को निशाना बनाकर भीषण चोरी की वारदात को अंजाम दिया। रात करीब दो से तीन बजे के बीच बदमाश छत के रास्ते घर के आंगन में दाखिल हुए और सो रहे परिजनों पर नशीला स्प्रे छिड़ककर उन्हें बेसुध कर दिया। इसके बाद आलमारी, बक्से और तिजोरी के ताले तोड़कर करीब 30 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। सुबह परिजनों को होश आने के बाद घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
पीड़ित मणिशंकर झा के घर में बदमाशों ने गोदरेज, अलमारी और ट्रंक के ताले तोड़कर सामान को बिखेर दिया। परिजनों के अनुसार, घटना के समय सभी लोग सो रहे थे। कमरे में लगी मच्छरदानी पर नशीले स्प्रे के निशान मिलने की बात सामने आई है। पास स्थित रघुवीर झा के घर में भी बदमाशों ने इसी तरह धावा बोलकर लाखों रुपये के जेवरात और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया।
बताया गया कि बदमाशों ने उसी रात दहाउर झा, प्रभु महतो और कौशल झा के घरों में भी प्रवेश करने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों की आहट या किसी अन्य कारण से वे इन घरों में चोरी करने में सफल नहीं हो सके।
पीड़ित परिवारों के मुताबिक, चोरी गए सामानों में एक सोने का हार, तीन सोने की चेन, दो कान के टॉप्स, तीन जोड़ी कान के झुमके, चार हनुमानी, दो अंगूठियां, दो मांगटीका, दो नथिया और एक मंगलसूत्र शामिल हैं। इसके अलावा चांदी का डरकस, एक जोड़ी पायल और करीब 10 महंगी साड़ियों समेत अन्य सामान भी चोर ले गए। पीड़ितों ने चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई है।
घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले 16 अप्रैल 2024 को भी इसी गांव में हरि झा और कौशल झा के घर भीषण डकैती हुई थी। लगातार आपराधिक घटनाओं को लेकर ग्रामीणों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही बाजपट्टी थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रारंभिक जांच शुरू की। इसके बाद पुपरी एएसपी सुनीता कुमारी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली और कमरे में बिखरे सामान तथा अन्य संभावित साक्ष्यों का निरीक्षण किया।
एएसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। अपराधियों तक पहुंचने के लिए डॉग स्क्वायड और तकनीकी अनुसंधान की मदद ली जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
