बिहार बाढ़ राहत के लिए बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने दान किया तीन महीने का वेतन, मुख्यमंत्री राहत कोष में दिए 6.35 लाख रुपये

बिहार में बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने तीन महीने का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में दान किया है। उन्होंने बाढ़ राहत के लिए 6.35 लाख रुपये की राशि दी है। नितिन नवीन ने कहा कि बाढ़ की इस कठिन परिस्थिति में वह प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं और सरकार बाढ़ पीड़ितों तक राहत पहुंचाने के लिए पूरी तरह सक्रिय है। बाढ़ प्रभावित परिवारों को सरकार की ओर से प्रति परिवार 7 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार अब तक प्रभावित परिवारों को 550 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि दी जा चुकी है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत शिविर बनाए गए हैं, जहां लोगों के लिए सामुदायिक रसोई और चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। बाढ़ के पानी में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें लगातार बचाव अभियान चला रही हैं। प्रभावित इलाकों में पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था भी की जा रही है। प्रशासन और सरकार की ओर से राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है। बाढ़ के कारण किसानों की फसलों को हुए नुकसान का भी आकलन कराया जा रहा है। फसल क्षति का आंकलन पूरा होने के बाद प्रभावित किसानों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इससे बाढ़ के कारण आर्थिक नुकसान झेल रहे किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी बिहार के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित लोगों से मुलाकात की। उन्होंने क्षेत्र में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। नितिन नवीन ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने का काम कर रही हैं और संकट की इस घड़ी में प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास जारी है। मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.