बिहार बोर्ड ने मैट्रिक-इंटर परीक्षा 2027 के फॉर्म भरने की बढ़ाई तारीख, अब 30 सितंबर तक मिलेगा मौका

बिहार में मैट्रिक और इंटर की वार्षिक परीक्षा 2027 में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब छात्र-छात्राएं 30 सितंबर 2026 तक अपने विद्यालय के माध्यम से परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे। पहले परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 16 सितंबर निर्धारित की गई थी। तिथि बढ़ाए जाने से जिले के 272 सरकारी और निजी माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में रजिस्ट्रेशन करा चुके विद्यार्थियों को फॉर्म भरने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है। बोर्ड के निर्देश के अनुसार विद्यार्थी अपने स्तर से ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म नहीं भरेंगे। परीक्षा फॉर्म भरने की पूरी प्रक्रिया संबंधित विद्यालय के प्रधान के माध्यम से पूरी की जाएगी। विद्यार्थियों को अपने स्कूल में जाकर परीक्षा फॉर्म भरवाना होगा और निर्धारित परीक्षा शुल्क भी जमा करना होगा। विद्यालय प्रधान बोर्ड के निर्धारित पोर्टल पर विद्यार्थियों का ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरेंगे। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विद्यालय की ओर से परीक्षा फॉर्म डाउनलोड कर संबंधित विद्यार्थियों को उपलब्ध कराया जाएगा। विद्यार्थियों को फॉर्म की दो प्रतियां तैयार करनी होंगी। एक प्रति विद्यालय में जमा करनी होगी, जबकि दूसरी प्रति पर विद्यालय प्रधान के हस्ताक्षर, मुहर और तारीख दर्ज कर विद्यार्थी को वापस किया जाएगा। विद्यार्थियों को इस प्रति को सुरक्षित रखना होगा, क्योंकि भविष्य में परीक्षा संबंधी काम में इसकी जरूरत पड़ सकती है। परीक्षा फॉर्म भरने से पहले विद्यार्थियों को अपनी सभी व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारियों की अच्छी तरह जांच करने की सलाह दी गई है। नाम, माता-पिता का नाम, जन्म तिथि, लिंग, जाति और चुने गए विषय समेत सभी विवरणों का मिलान रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र से करना जरूरी होगा। किसी भी जानकारी में गलती मिलने पर विद्यार्थी को तुरंत विद्यालय प्रधान को इसकी जानकारी देनी होगी, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर उसमें सुधार कराया जा सके। परीक्षा फॉर्म में मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी दर्ज करना भी जरूरी होगा। इसके अलावा विद्यार्थी की फोटो और हस्ताक्षर भी बोर्ड के निर्धारित मानक के अनुसार अपलोड किए जाएंगे। इसलिए फॉर्म जमा करने से पहले सभी विवरणों की जांच करना विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण होगा। बोर्ड की ओर से अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित किए जाने के बाद आखिरी दिनों में स्कूलों में विद्यार्थियों की भीड़ बढ़ने की संभावना है। ऐसे में छात्र-छात्राओं को अंतिम तारीख का इंतजार नहीं करने की सलाह दी गई है। समय रहते विद्यालय पहुंचकर परीक्षा फॉर्म भरवाने, निर्धारित शुल्क जमा करने और सभी जानकारियों की जांच कराने से अंतिम समय में होने वाली परेशानी से बचा जा सकता है। मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.