👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
जन्माष्टमी पर पटना में ट्रैफिक व्यवस्था बदली, इस्कॉन मंदिर की ओर वाहनों की नो-एंट्री
0
September 03, 2026
पटना। कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर इस्कॉन मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पटना यातायात पुलिस ने शुक्रवार, 4 सितंबर को विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए बुद्ध मार्ग समेत इस्कॉन मंदिर से जुड़े कई संपर्क मार्गों पर वाहनों के परिचालन में बदलाव किया गया है।
यातायात एसपी सागर कुमार ने बताया कि विशेष व्यवस्था शुक्रवार सुबह से जन्माष्टमी कार्यक्रम की समाप्ति तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान बुद्ध मार्ग और इस्कॉन मंदिर की ओर निजी वाहन, ऑटो, ई-रिक्शा और मिनी बस समेत सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
जीपीओ फ्लाईओवर से बुद्ध मार्ग की ओर आने वाले वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी। वहीं अदालतगंज मार्ग पर दोनों ओर से वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। कोतवाली की ओर से आने वाले वाहनों को डाकबंगला चौराहा होते हुए पटना जंक्शन की ओर भेजा जाएगा।
जन्माष्टमी को लेकर मंदिरों और घरों में मध्यरात्रि के समय भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर विशेष पूजा-अर्चना और आरती की जाएगी। जन्मोत्सव के बाद भगवान को 56 प्रकार के भोग अर्पित किए जाएंगे और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा। मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान और संकीर्तन का भी आयोजन होगा।
भारी भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें और प्रतिबंधित मार्गों पर निजी वाहनों से जाने से बचें।
मिथिला हिन्दी न्यूज
संपादक: रोहित कुमार सोनू
