साइबर अपराधियों तक संदिग्ध सिम पहुंचाने वालों पर कार्रवाई तेज, नवादा-शेखपुरा में छापेमारी से बड़ा खुलासा

मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू
साइबर अपराधियों तक संदिग्ध सिम कार्ड पहुंचाने वाले आधार सेंटर, साइबर कैफे और पीओएस एजेंटों के खिलाफ साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई (सीसीएसयू) ने कार्रवाई तेज कर दी है। सीसीएसयू की तकनीकी सूचना और एनसीआरपी रिकॉर्ड के विश्लेषण के आधार पर नवादा और शेखपुरा में की गई कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में संदिग्ध सिम कार्ड, डिजिटल उपकरण, बैंकिंग दस्तावेज और पहचान संबंधी कागजात बरामद किए गए हैं। नवादा साइबर थाना की टीम ने भोला आधार सेंटर और भोला साइबर कैफे के खिलाफ कार्रवाई की। जांच में भोला आधार सेंटर से जारी 74 सिम कार्ड देश के अलग-अलग हिस्सों में दर्ज 125 साइबर शिकायतों से जुड़े पाए गए। इन शिकायतों में कुल 51.81 लाख रुपये की वित्तीय धोखाधड़ी दर्ज है। वहीं, भोला साइबर कैफे से जारी 22 सिम कार्ड 34 साइबर शिकायतों से जुड़े मिले, जिनमें 39.29 लाख रुपये की ठगी दर्ज है। दोनों स्थानों से जुड़े कुल 96 सिम कार्ड 159 एनसीआरपी शिकायतों से संबंधित पाए गए। इन मामलों में कुल 91.11 लाख रुपये की साइबर ठगी दर्ज होने की बात सामने आई है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने पांच प्रिंटर, फिनो पेमेंट बैंक के एटीएम कार्ड, पासबुक और चेकबुक, उज्जीवन बैंक की पासबुक और एटीएम कार्ड, एचडीएफसी बैंक स्कैनर, मोबाइल फोन, माइक्रो एटीएम, बायोमेट्रिक और इलेक्ट्रॉनिक स्कैनर सहित कई अन्य उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस बरामद सामान और दस्तावेजों की जांच कर रही है। इसी क्रम में शेखपुरा में कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पीओएस एजेंट विजय कुमार को गिरफ्तार किया। जांच में उसके पीओएस से जारी 40 सिम कार्ड देश के विभिन्न राज्यों में दर्ज 60 एनसीआरपी शिकायतों से जुड़े मिले। इन मामलों में 16.25 लाख रुपये की साइबर ठगी दर्ज है। छापेमारी के दौरान दो लैपटॉप, चार स्मार्टफोन, एक कीपैड मोबाइल, 235 सिम कार्ड, दो फिंगरप्रिंट रीडर, यूपीआई स्कैनर, छह पासबुक, दो एटीएम कार्ड और सात आधार-पैन कार्ड बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, ग्रामीण और कम पढ़े-लिखे लोगों को एमएनपी, केवाईसी, राशन कार्ड, जॉब कार्ड अथवा अन्य सरकारी काम के नाम पर बायोमेट्रिक प्रक्रिया में शामिल किया जाता था। इसके बाद उनके पहचान संबंधी विवरण का कथित रूप से दुरुपयोग कर अतिरिक्त सिम कार्ड जारी किए जाने की आशंका है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन सिम कार्डों को साइबर अपराधियों तक कैसे पहुंचाया जाता था और इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में नवादा साइबर थाना में कांड संख्या 90/26 और शेखपुरा में कांड संख्या 33/2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। सीसीएसयू और संबंधित साइबर थाना की टीमें सिम कार्ड के निर्गमन विवरण, केवाईसी प्रक्रिया, बायोमेट्रिक सत्यापन, पीओएस गतिविधियों और एनसीआरपी शिकायतों का आपस में मिलान कर रही हैं। बरामद मोबाइल फोन और लैपटॉप की तकनीकी जांच के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास भी जारी है। मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.