अभिषेक बनर्जी के कार्यालय पर हमले से भड़की टीएमसी, ममता बनर्जी ने दी दिल्ली में भाजपा नेताओं के घेराव की चेतावनी

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस नेता अभिषेक बनर्जी के कार्यालय पर हुए हमले के बाद पार्टी नेताओं में नाराजगी बढ़ गई है। कोलकाता से दिल्ली तक टीएमसी नेताओं ने घटना को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने चेतावनी दी है कि यदि तृणमूल कांग्रेस के नेताओं और कार्यालयों पर हमले नहीं रुके तो पार्टी दिल्ली में भाजपा नेताओं के घरों के बाहर धरना देगी और उनका घेराव करेगी। ममता बनर्जी ने गुरुवार को फेसबुक पर करीब 29 मिनट तक लाइव रहकर लोगों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा और कोलकाता पुलिस पर जमकर निशाना साधा। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा के लोगों ने कोलकाता पुलिस को विश्वास में लेकर तृणमूल कांग्रेस के कार्यालय में तोड़फोड़ की और वहां रखे दस्तावेज तथा उपकरण ले गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कार्यालय में मौजूद चार लोगों को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट और प्रताड़ना की गई। ममता बनर्जी ने कहा कि पार्टी कार्यालय में हुई तोड़फोड़ की टीएमसी कड़ी निंदा करती है। उन्होंने कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि कोलकाता में ऐसी स्थिति है तो ग्रामीण इलाकों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यदि टीएमसी पर हमले जारी रहे तो पार्टी नई दिल्ली में भाजपा नेताओं के आवास के बाहर धरना देगी और उनका घेराव करेगी। ममता बनर्जी ने शेक्सपीयर थाना सहित बंगाल पुलिस के कई थानों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पुलिस की गतिविधियों पर वह नजर रख रही हैं और कई पुलिस थानों के कामकाज को अपनी डायरी में नोट कर रही हैं। इधर, दिल्ली में तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा और सौगत रॉय ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पश्चिम बंगाल की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। महुआ मोइत्रा ने आरोप लगाया कि कोलकाता स्थित पार्टी कार्यालय पर हमला भाजपा की ओर से कराया गया। उन्होंने दावा किया कि घटना की सूचना शेक्सपीयर थाने की पुलिस को दी गई थी, लेकिन करीब दो घंटे तक पुलिस की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। महुआ मोइत्रा के अनुसार, हमलावर कार्यालय की छठी और सातवीं मंजिल पर पहुंचे और कांच के गेट तोड़कर अंदर दाखिल हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि बदमाशों ने कार्यालय में मौजूद तीन-चार सुरक्षा गार्डों को कब्जे में लेकर उनके मोबाइल फोन छीन लिए और धमकी दी। इसके बाद कार्यालय में रखे कंप्यूटर, फैक्स मशीन, प्रिंटर और अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया गया। महुआ मोइत्रा ने आरोप लगाया कि तोड़फोड़ के बाद हमलावर कार्यालय से टीवी स्क्रीन, एयर प्यूरीफायर, लैपटॉप और कई दस्तावेज भी ले गए। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 4:30 बजे से पुलिस को फोन किया जा रहा था, लेकिन दो घंटे तक कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद टीएमसी के वकील थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस की ओर से छह लोगों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी दी गई है। हालांकि, महुआ मोइत्रा ने कहा कि हिरासत में लिए गए छह लोग वही हमलावर हैं या नहीं, इसकी उन्हें अभी जानकारी नहीं है। मामले को लेकर टीएमसी और भाजपा के बीच राजनीतिक टकराव बढ़ गया है तथा पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। मिथिला हिन्दी न्यूज संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.