👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
सिंगोड़ी थाना की हाजत में कैदी ने बाथरूम में फांसी लगाकर की आत्महत्या, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
0
سبتمبر 13, 2026
मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू
पटना के पालीगंज अनुमंडल के सिंगोड़ी थाना की हाजत में एक कैदी ने बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान गया जिले के चाकन गांव निवासी 30 वर्षीय अजय मांझी के रूप में हुई है। घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पटना एसएसपी कार्तिकेय कुमार शर्मा, पटना पश्चिमी सिटी एसपी संकेत कुमार समेत पालीगंज अनुमंडल के तमाम पुलिस अधिकारी सिंगोड़ी थाना पहुंचे। पुलिस ने अजय मांझी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पटना एम्स भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, बीती रात सिंगोड़ी थाना में ईंट भट्ठा मालिक शरद यादव की ओर से आवेदन दिया गया था। आवेदन में पैसे के विवाद को लेकर अजय मांझी और उसके साथियों के साथ मारपीट किए जाने की बात कही गई थी। इसके बाद पुलिस पूछताछ के लिए अजय मांझी और उसके दो अन्य साथियों को थाने लेकर आई थी।
पुलिस के अनुसार, तीनों को अन्य कैदियों के साथ हाजत में रखा गया था। इसी दौरान सुबह करीब चार बजे चौकीदार ने पुलिस को सूचना दी कि अजय मांझी बाथरूम में गया था और वहां गमछे का इस्तेमाल कर फांसी लगा ली।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिसकर्मियों ने अजय मांझी को आनन-फानन में इलाज के लिए पटना एम्स पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने थाना पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली। हाजत में कैदी की मौत होने की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। अजय मांझी ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी जांच की जा रही है। साथ ही हाजत में सुरक्षा व्यवस्था और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत से जुड़े कई सवालों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
