दिल्ली में तीसरी मंजिल से गिरकर बिहार के युवक की मौत, बिना कपड़ों के मिला शव; हत्या की आशंका से जांच तेज

मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू
राजधानी दिल्ली के शाहदरा जिले के गांधी नगर इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रविवार तड़के संदिग्ध परिस्थितियों में तीसरी मंजिल से गिरने के बाद 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक का शव सड़क पर खून से लथपथ और बिना कपड़ों के मिला। घटना की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हादसे के साथ हत्या समेत कई पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान 30 वर्षीय दीपक कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दीपक मूल रूप से बिहार के किशनगंज जिले का रहने वाला था। वह पिछले करीब तीन वर्षों से गांधी नगर इलाके की एक सिलाई फैक्ट्री में काम कर रहा था और नामदेव गली में रहता था। जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 5:20 बजे एक राहगीर ने गली में दीपक को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। उसके शरीर पर कपड़े नहीं थे। राहगीर ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दीपक को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल से सुराग जुटाने के लिए क्राइम टीम और फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया। टीमों ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। मृतक के बिहार में रहने वाले परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। परिजनों के दिल्ली पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया कराए जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दीपक वास्तव में तीसरी मंजिल से खुद गिरा था या किसी ने उसे धक्का दिया। घटना के समय वह नशे में था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। युवक के शरीर पर कपड़े नहीं होने की परिस्थितियों को भी जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है। गांधी नगर थाना पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना से पहले और बाद की गतिविधियों का पता लगाया जा सके। इसके अलावा दीपक के साथ काम करने वाले कर्मचारियों और उसके साथ रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मामले में किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य तथ्यों के सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दीपक की मौत महज हादसा थी या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश थी। मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

إرسال تعليق

0 تعليقات
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.