👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
समस्तीपुर कॉलेज में दो दिवसीय रोजगार मेला, टाटा मोटर्स समेत कई बड़ी कंपनियां लेंगी हिस्सा
0
September 01, 2026
मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
समस्तीपुर के युवाओं और विद्यार्थियों के लिए रोजगार का बेहतर अवसर सामने आया है। समस्तीपुर कॉलेज परिसर में 2 और 3 सितंबर 2026 को दो दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेले में टाटा मोटर्स, Tata Electronics, Foxconn, Schneider Electric, Motherson और Indo-MIM समेत कई प्रतिष्ठित कंपनियां हिस्सा लेंगी। चयनित अभ्यर्थियों को मौके पर ही नियुक्ति पत्र यानी ऑफर लेटर देने की व्यवस्था की गई है।
रोजगार मेला दोनों दिन सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा। आयोजन का उद्देश्य जिले के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है।
आयोजकों ने योग्य अभ्यर्थियों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय पर समस्तीपुर कॉलेज परिसर पहुंचने की अपील की है। युवाओं को कंपनियों की चयन प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
रोजगार मेले की तैयारियों को लेकर कॉलेज परिसर में प्रधानाचार्य डॉ. शशिभूषण कुमार शशि की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन परिसर निपुणता अधिकारी सह कैंपस प्लेसमेंट ऑफिसर डॉ. रोहित प्रकाश ने किया।
बैठक में डॉ. रोहित प्रकाश ने सभी विभागाध्यक्षों से अपने-अपने विभाग के छात्र-छात्राओं को रोजगार मेले में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने युवाओं तक रोजगार मेले से जुड़ी जानकारी पहुंचाने पर भी जोर दिया।
प्रधानाचार्य डॉ. शशिभूषण कुमार शशि ने कहा कि वर्तमान समय में उच्च शिक्षा का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को डिग्री उपलब्ध कराना नहीं है, बल्कि उन्हें रोजगार के योग्य बनाना और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना भी है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय युवाओं के सर्वांगीण विकास और कौशल विकास के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
कार्यक्रम में आगा खान ग्राम सहयोग कार्यक्रम की संस्थागत भागीदारी भी है। संस्था के प्रतिनिधि रजनी रंजन, कार्यक्रम समन्वयक, कुमार प्रिंस गौरव, वरिष्ठ विकास आयोजक और विवेक राज आर्यन, जिला समन्वयक ने रोजगार मेले की कार्ययोजना के बारे में जानकारी दी।
प्रतिनिधियों ने युवाओं के पंजीकरण, पात्रता, चयन प्रक्रिया और कंपनियों से संबंधित जरूरी जानकारी साझा की। योग्य अभ्यर्थियों से आवश्यक दस्तावेज साथ लाने को कहा गया है।
आयोजकों ने युवाओं से अपील की है कि वे रोजगार मेले में समय पर पहुंचकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं। बड़ी कंपनियों की भागीदारी और मौके पर नियुक्ति पत्र मिलने की व्यवस्था के कारण यह रोजगार मेला विद्यार्थियों और नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
