लापता 19 वर्षीय युवक अभिषेक सकुशल बरामद, मामा गिरफ्तार

मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
दरभंगा जिले के घनश्यामपुर प्रखंड के पोहद्दी बेला गांव से 30 अगस्त को कथित रूप से लापता हुए 19 वर्षीय युवक अभिषेक कुमार देव को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में युवक की मां रीना देवी की शिकायत पर उसके मामा राम कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने आरोपित मामा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। रीना देवी ने पुलिस को बताया कि 30 अगस्त की दोपहर करीब दो बजे उनका पुत्र अभिषेक अचानक घर से लापता हो गया। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की। इसी दौरान पता चला कि अलीनगर थाना क्षेत्र के धमसाइन गांव निवासी राम कुमार अभिषेक को पोहद्दी हाईस्कूल के पास से बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गया था। आरोप है कि उसी दिन शाम करीब चार बजे राम कुमार ने रीना देवी को वीडियो कॉल किया और अभिषेक को बंधक बनाए जाने की बात कहते हुए एक लाख रुपये की फिरौती मांगी। रुपये नहीं देने पर युवक को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया। महिला के अनुसार, वीडियो कॉल के दौरान उन्हें अपने बेटे के रोने की आवाज सुनाई दी। अभिषेक कथित तौर पर मामा से उसे नहीं मारने की गुहार लगा रहा था। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने युवक की तलाश शुरू की। पुलिस ने आरोपित के ससुराल क्षेत्र में भी छापेमारी की। इसी दौरान मधुबनी जिले के आरएस थाना क्षेत्र के बलभद्रपुर स्थित एक बगीचे से अभिषेक कुमार देव को सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस ने मौके से राम कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, अभिषेक मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका पहले भी इलाज कराया जा चुका है। घनश्यामपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपित ने पुलिस को बताया कि अभिषेक की मानसिक स्थिति खराब होने के कारण उसने मुंबई में उसके इलाज पर रुपये खर्च किए थे। बाद में उसने अपनी बहन से इलाज में खर्च हुई रकम वापस मांगी, लेकिन बहन ने रुपये देने से इनकार कर दिया। थानाध्यक्ष के अनुसार, इलाज के खर्च को लेकर दोनों भाई-बहन के बीच विवाद चल रहा था। मामले को सुलझाने के लिए गांव में पंचायत भी हुई थी, लेकिन विवाद का समाधान नहीं हो सका। पुलिस के मुताबिक, इसी विवाद के बाद आरोपित ने अभिषेक को अपने साथ ले जाकर घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने युवक को सकुशल बरामद करने के बाद मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है। आरोपित मामा को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.