👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
LNMU स्नातक द्वितीय सेमेस्टर 2025-29 का रिजल्ट जारी, 1.45 लाख छात्रों का इंतजार खत्म
0
September 18, 2026
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (LNMU) ने स्नातक चार वर्षीय सीबीसीएस सत्र 2025-29 के द्वितीय सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम शुक्रवार को जारी कर दिया। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. इंसान अली ने बताया कि रिजल्ट विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। संबंधित छात्र-छात्राएं वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम और प्राप्त अंकों की जानकारी देख सकते हैं।
विश्वविद्यालय की ओर से स्नातक द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा जुलाई 2026 में आयोजित की गई थी। परीक्षा 8 जुलाई से शुरू हुई थी, जिसमें दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर और बेगूसराय जिले के अंगीभूत एवं संबद्ध कॉलेजों में पढ़ने वाले करीब 1.45 लाख छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे।
द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा में बीए, बीएससी और बीकॉम समेत विभिन्न संकायों के विद्यार्थी शामिल हुए थे। चारों जिलों के कॉलेजों में परीक्षा को लेकर विश्वविद्यालय की ओर से पहले ही कार्यक्रम जारी किया गया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्र-छात्राओं को रिजल्ट का इंतजार था, जिसे अब विश्वविद्यालय ने जारी कर दिया है।
जारी परीक्षा परिणाम के अनुसार वाणिज्य संकाय का प्रदर्शन सबसे अधिक रहा है। कॉमर्स में 95 प्रतिशत छात्र-छात्राओं को सफल घोषित किया गया है। वहीं कला संकाय में 91 प्रतिशत और विज्ञान संकाय में 89 प्रतिशत छात्र-छात्राएं सफल हुए हैं।
रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र-छात्राएं विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं। विद्यार्थियों को रिजल्ट देखने के बाद नाम, रोल नंबर, विषयवार प्राप्त अंक और रिजल्ट स्टेटस की अच्छी तरह जांच करने की सलाह दी गई है। यदि परिणाम में किसी प्रकार की त्रुटि या तकनीकी समस्या दिखाई देती है, तो विद्यार्थी विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग से संपर्क कर सकते हैं।
मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
