बिहार MLC चुनाव में जेडीयू के चार उम्मीदवारों के नाम लगभग तय, नीरज कुमार समेत इन नेताओं पर दांव

पटना: बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इन सीटों में से चार सीटों पर जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) अपने उम्मीदवार उतारने की तैयारी में है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की ओर से संभावित प्रत्याशियों के नाम लगभग तय किए जाने की चर्चा है। सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मंजूरी मिलने के बाद किसी भी समय जेडीयू की आधिकारिक सूची जारी हो सकती है। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जेडीयू के वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता नीरज कुमार का नाम लगभग तय माना जा रहा है। इस सीट पर प्रत्याशी चयन को लेकर पार्टी के भीतर लंबे समय से विचार-विमर्श चल रहा था। स्थानीय राजनीतिक समीकरणों और संगठन में उनकी सक्रियता को देखते हुए नीरज कुमार का नाम सबसे मजबूत दावेदारों में बताया जा रहा है। तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से युवा नेता अभिषेक झा का नाम भी प्रमुखता से सामने आया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक इस सीट पर उनके नाम को लेकर सहमति बनने की चर्चा है। हालांकि अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व की ओर से किया जाएगा और आधिकारिक सूची जारी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से पुष्कर आनंद को उम्मीदवार बनाए जाने की प्रबल संभावना जताई जा रही है। जेडीयू शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। संगठनात्मक सक्रियता और शिक्षकों के बीच संपर्क को ध्यान में रखते हुए पार्टी पुष्कर आनंद के नाम पर दांव लगाने की तैयारी में बताई जा रही है। वहीं दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र को लेकर अभी पार्टी के भीतर मंथन जारी है। इस सीट से पूर्व विधान पार्षद दिलीप चौधरी समेत कई अन्य नामों पर विचार किया जा रहा है। स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए पार्टी अंतिम फैसला लेने की तैयारी में है। सूत्रों का कहना है कि आधिकारिक सूची जारी होने से पहले संभावित नामों में मामूली बदलाव भी संभव है। बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। जेडीयू की ओर से चार सीटों पर संभावित उम्मीदवारों के नाम सामने आने के बाद अब सभी की नजर पार्टी की आधिकारिक सूची पर टिकी है। सूची जारी होने के बाद चुनावी मुकाबले की तस्वीर और अधिक स्पष्ट होने की उम्मीद है। मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

إرسال تعليق

0 تعليقات
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.