दरभंगा एयरपोर्ट पर SpiceJet की सभी उड़ानें रद्द, दिल्ली-मुंबई जाने वाले यात्रियों की बढ़ी परेशानी

दरभंगा। दरभंगा एयरपोर्ट पर रविवार को SpiceJet की सभी उड़ानें रद्द रहने से दिल्ली और मुंबई जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पहले से टिकट बुक करा चुके यात्रियों को अचानक उड़ान रद्द होने और वैकल्पिक व्यवस्था नहीं मिलने से मुश्किलों का सामना करना पड़ा। एयरलाइंस की सेवा में लगातार आ रही दिक्कतों को लेकर यात्रियों में नाराजगी भी देखी गयी। दरभंगा निवासी डॉ. नवीन सागर ने सोशल मीडिया पर अपनी परेशानी साझा करते हुए बताया कि उन्होंने 6 सितंबर को दरभंगा से दिल्ली जाने के लिए SpiceJet की एसजी 496 उड़ान का टिकट बुक कराया था। बाद में उनकी उड़ान को रिशेड्यूल कर दिया गया। उनके अनुसार, इस बदलाव में सिर्फ टर्मिनल नहीं बदला गया, बल्कि उड़ान के प्रस्थान एयरपोर्ट को ही दरभंगा से पटना कर दिया गया। डॉ. नवीन सागर ने कहा कि वह पटना से उड़ान नहीं ले सकते हैं और उन्होंने एयरलाइंस से टिकट की राशि वापस करने की मांग की है। अन्य यात्रियों ने भी शिकायत की कि दरभंगा से टिकट बुक कराने के बाद अंतिम समय में प्रस्थान एयरपोर्ट को पटना कर देना उनके लिए काफी परेशानी वाला है। खासकर उन यात्रियों की मुश्किल बढ़ गयी, जिन्होंने दरभंगा से दिल्ली या मुंबई जाने के लिए पहले से अन्य यात्रा व्यवस्थाएं कर रखी थीं। यात्रियों का कहना है कि उड़ान रद्द या रिशेड्यूल होने की स्थिति में एयरलाइंस को यात्रियों को समय पर स्पष्ट जानकारी देनी चाहिए। इसके साथ ही वैकल्पिक उड़ान या तत्काल रिफंड की सुविधा भी उपलब्ध करायी जानी चाहिए, ताकि यात्रियों को आर्थिक नुकसान और अतिरिक्त परेशानी से बचाया जा सके। रविवार को दरभंगा एयरपोर्ट से कुल 10 विमानों की आवाजाही हुई। इस दौरान दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद के लिए विमान सेवाएं उपलब्ध रहीं। SpiceJet की उड़ानें रद्द रहने के कारण यात्रियों को उपलब्ध अन्य विमान सेवाओं पर निर्भर रहना पड़ा। यात्रियों ने एयरलाइंस की सेवा को लेकर नाराजगी जताते हुए दरभंगा एयरपोर्ट से नियमित और भरोसेमंद विमान सेवा सुनिश्चित करने की मांग की है। यात्रियों का कहना है कि अचानक उड़ान रद्द होने या प्रस्थान एयरपोर्ट बदलने से उनकी पूरी यात्रा योजना प्रभावित होती है और उन्हें अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ सकता है। मिथिला हिन्दी न्यूज संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.