अरवल में 16 हजार रुपये रिश्वत लेते राजस्व कर्मचारी रंगेहाथ गिरफ्तार, जमीन की मापी में सुधार के नाम पर मांगे थे 20 हजार


अरवल जिले के सदर प्रखंड की रामपुर वैना पंचायत में तैनात राजस्व कर्मचारी शिवमंगल पासवान को निगरानी विभाग की टीम ने 16 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि जमीन की मापी में सुधार करने के एवज में परिवादी से कुल 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई थी।

जानकारी के अनुसार, परिवादी रविंद्र कुमार सोनी ने इस संबंध में निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद विभाग ने मामले की प्रारंभिक जांच की, जिसमें आरोपों की पुष्टि होने के बाद निगरानी विभाग की धावादल टीम गठित कर कार्रवाई की गई।

गुरुवार को बैदराबाद बाजार में जैसे ही राजस्व कर्मचारी ने परिवादी से 16 हजार रुपये नकद लिए, पहले से तैयार निगरानी टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कथित रिश्वत की कुल रकम में से 4 हजार रुपये पहले ही ऑनलाइन दिए जा चुके थे।

गिरफ्तारी के बाद राजस्व कर्मचारी को पूछताछ के लिए सर्किट हाउस ले जाया गया। निगरानी विभाग के अनुसार, आवश्यक पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को पटना ले जाकर विशेष निगरानी अदालत में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू
संपादक: रोहित कुमार सोनू

👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.