👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
रोहतास को 412.9 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, एयरपोर्ट बनाने का ऐलान; 2030 तक पलायन रोकने का लक्ष्य
0
October 06, 2026
रोहतास। मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार रोहतास पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जिले को 412.9 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने रोहतास को पर्यटन हब के रूप में विकसित करने की बात कही। साथ ही जिले में एयरपोर्ट निर्माण की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री के इस ऐलान से जिले में विकास और पर्यटन को लेकर नई उम्मीद जगी है।
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय करूप में आयोजित सेवा सेतु अभियान एवं सहयोग शिविर को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए महीने में दो बार सहयोग शिविर आयोजित कर रही है। शिविर में प्राप्त आवेदनों का 10 दिनों के अंदर निपटारा करने का निर्देश दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि लोगों की समस्याओं के समाधान में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से अब तक 13 हजार लोगों को पहला नोटिस, 9 हजार लोगों को दूसरा नोटिस और 600 लोगों को तीसरा नोटिस भेजा जा चुका है। उन्होंने कहा कि 30 दिनों के अंदर आवेदन का निपटारा नहीं करने वाले संबंधित पदाधिकारी और कर्मचारी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
सम्राट चौधरी ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण का जिक्र करते हुए कहा कि आज बिहार की महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं। उन्होंने कहा कि पहले महिलाओं के हाथ में 5 हजार करोड़ रुपये का भी कारोबार नहीं था, जबकि आज 1.36 लाख करोड़ रुपये का बाजार महिलाओं के हाथ में है। राज्य में 50 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाया गया है और 40 लाख महिलाओं को पशु सखी के रूप में स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है।
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षण संस्थानों के आसपास बेटियों के लिए सुरक्षित और बेहतर माहौल बनाने की दिशा में पुलिस दीदी को भी जिम्मेदारी दी गई है।
मुख्यमंत्री ने बिना नाम लिए कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आजादी के बाद करीब 60 वर्षों तक सत्ता में रहने वाली पार्टी बिहार के गरीबों को 50 लाख इंदिरा आवास भी नहीं दे सकी। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार के 62 लाख लोगों को पक्का आवास देने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने लोगों के घरों तक शुद्ध पेयजल और बिजली पहुंचाने का काम किया है।
बिहार से मजदूरों के पलायन को लेकर सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार राज्य में रोजगार के नए अवसर पैदा करने पर जोर दे रही है। इसके लिए देश और विदेश से लोगों को बिहार में बुलाकर रोजगार और निवेश का माहौल तैयार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बिहार से हर साल करीब 12 लाख लोग रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों में पलायन करते हैं। सरकार ने अगले पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य रखा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2030 के बाद बिहार का कोई गरीब रोजगार की तलाश में दूसरे प्रदेश जाने के लिए मजबूर नहीं होगा।
रोहतास में एयरपोर्ट निर्माण की घोषणा और 412.9 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं के ऐलान से जिले में पर्यटन, रोजगार और आवागमन के क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं पैदा होने की उम्मीद है।
मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू
संपादक: रोहित कुमार सोनू
