11 अक्टूबर से शुरू होगा शारदीय नवरात्र, 19 को अष्टमी-नवमी की पूजा और 21 अक्टूबर को विजयादशमी


मिथिला समेत पूरे देश में शारदीय नवरात्र को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। इस वर्ष तिथि वृद्धि के कारण नवरात्र की पूजा-पद्धति में कुछ बदलाव देखने को मिलेगा। पंचांग के अनुसार 11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्र की शुरुआत होगी। मां भगवती की आराधना के साथ श्रद्धालु नौ दिनों तक विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगे।

तिथि वृद्धि के कारण इस बार 19 अक्टूबर को महाअष्टमी और महानवमी की पूजा एक ही दिन होगी। इस दिन श्रद्धालु मां दुर्गा की विशेष आराधना करेंगे। मंदिरों और पूजा पंडालों में विशेष पूजा-अर्चना के साथ धार्मिक अनुष्ठानों की तैयारियां भी तेज हो गई हैं।

पंचांग के अनुसार 20 अक्टूबर को नवमी पूजा की समाप्ति के साथ हवन एवं पूर्णाहुति का आयोजन किया जाएगा। सुबह 9:40 बजे तक नवमी पूजा के बाद हवन और पूर्णाहुति किए जाने की जानकारी दी गई है। इसके साथ ही नवरात्र के प्रमुख धार्मिक अनुष्ठानों का समापन होगा।

वहीं, 21 अक्टूबर को विजयादशमी मनाई जाएगी। इस दिन अपराजिता पूजा के बाद मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला शुरू होगा। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक पूजा समितियां विजयादशमी के कार्यक्रमों को लेकर तैयारियों में जुट गई हैं।

पूजा समितियों को कलश स्थापना के समय राहुकाल का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है। पंचांग के अनुसार अपराह्न 4:30 बजे से शाम 6 बजे तक राहुकाल रहेगा। ऐसे में श्रद्धालुओं से इस अवधि में कलश स्थापना अथवा पूजा के शुभारंभ से बचने की बात कही गई है।

शारदीय नवरात्र को लेकर पंडालों में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों की तैयारियां चल रही हैं। मां दुर्गा की भव्य प्रतिमाओं और आकर्षक पूजा पंडालों को अंतिम रूप देने में समितियां जुटी हुई हैं। नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।

मिथिला की धार्मिक परंपराओं में नवरात्र और विजयादशमी का विशेष महत्व है। मां दुर्गा की आराधना के बाद विजयादशमी के दिन होने वाला विसर्जन श्रद्धालुओं के लिए भावनात्मक क्षण होता है। इसी के साथ मां दुर्गा से अगले वर्ष फिर आने की प्रार्थना करते हुए भक्त उन्हें विदाई देते हैं।

मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू

👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.