समस्तीपुर में डकैती की बड़ी साजिश नाकाम, पुलिस और एसटीएफ ने 5 कुख्यात बदमाशों को दबोचा; 4 फरार

मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले में पुलिस और राज्य एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डकैती की साजिश को नाकाम कर दिया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र में समस्तीपुर मंडल कारा के पीछे छापेमारी कर पुलिस ने पांच कुख्यात बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जबकि चार अन्य अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो पिस्तौल और दो कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह ताजपुर और वैशाली जिले के पातेपुर थाना क्षेत्र में डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा था। पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। सदर डीएसपी सतीश सुमन ने बताया कि सूचना मिली थी कि समस्तीपुर मंडल कारा के पीछे कुछ हथियारबंद अपराधी इकट्ठा हुए हैं। वे ताजपुर और वैशाली जिले के पातेपुर इलाके में डकैती की वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और राज्य एसटीएफ की संयुक्त टीम ने चिह्नित स्थान पर छापेमारी की। पुलिस टीम को देखते ही मौके पर मौजूद बदमाश भागने लगे। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान चार अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में हसनपुर थाना क्षेत्र के भटवन गांव निवासी दीपक कुमार उर्फ डॉक्टर भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, दीपक गिरोह का मास्टरमाइंड है और उसका नाम नक्सली वारदात से जुड़े एक गंभीर मामले में भी सामने आया था। उसके आपराधिक इतिहास को देखते हुए पुलिस इस गिरफ्तारी को महत्वपूर्ण मान रही है। पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2018 में दीपक ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर एक व्यक्ति का अपहरण किया था और उससे लेवी की मांग की थी। आरोप है कि लेवी की रकम नहीं मिलने पर अपहृत व्यक्ति की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में दीपक मुख्य आरोपी रहा है। पुलिस अधिकारी के अनुसार, वह करीब सात साल तक जेल में रहने के बाद हाल ही में रिहा हुआ था। जेल से बाहर आने के बाद दीपक ने कथित तौर पर फिर से अपने आपराधिक गिरोह को सक्रिय कर लिया था। पुलिस को आशंका है कि गिरोह के सदस्य ताजपुर और वैशाली जिले के पातेपुर क्षेत्र में डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। हालांकि, समय रहते मिली सूचना और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से उनकी योजना विफल हो गई। समस्तीपुर पुलिस और राज्य एसटीएफ की इस संयुक्त कार्रवाई के बाद इलाके में अपराधियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों, संभावित ठिकानों और आपराधिक योजनाओं के बारे में जानकारी जुटा रही है। फरार चारों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.