👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
पटना में सरकारी नौकरी दिलाने के बहाने किशोरी से दुष्कर्म, सैनिक गेस्ट हाउस में वारदात; आरोपी फरार
0
October 25, 2026
पटना से सटे खगौल थाना क्षेत्र में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर किशोरी से दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घटना पीजीएस मोड़ स्थित सैनिक गेस्ट हाउस की बताई जा रही है, जहां रविवार को आरोपी ने नौकरी दिलाने और कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बहाने किशोरी को बुलाया था। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, जबकि पुलिस ने गेस्ट हाउस संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि बस में यात्रा के दौरान उसकी मुलाकात आरोपी से हुई थी। आरोपी ने खुद को सरकार में वरिष्ठ अधिकारी बताते हुए दावा किया था कि वह कई लोगों को सरकारी नौकरी दिलवा चुका है। उसकी बातों पर भरोसा करने के बाद किशोरी की उससे फोन पर बातचीत होने लगी। करीब एक सप्ताह तक संपर्क में रहने के बाद आरोपी ने सरकारी नौकरी दिलाने का आश्वासन देकर उसे पटना बुलाया।
पीड़िता के अनुसार, रविवार को आरोपी ने नौकरी से संबंधित दस्तावेजों और आगे की प्रक्रिया पर बातचीत करने के बहाने उसे सैनिक गेस्ट हाउस बुलाया। वहां पहुंचने के बाद आरोपी उसे एक कमरे में ले गया, जहां कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद पीड़िता ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो चुका था।
मामले की सूचना मिलने के बाद खगौल थाना पुलिस ने जांच शुरू की। थानाध्यक्ष रंजन कुमार के अनुसार, गेस्ट हाउस संचालक अंकित कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से संबंधित कमरे को सील कर दिया है और गेस्ट हाउस का आगंतुक रजिस्टर भी जब्त किया है।
पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी की गतिविधियों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके। आरोपी भोजपुर जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
पुलिस ने पीड़िता के परिजनों को सूचना देने के बाद उसे मेडिकल जांच के लिए एम्स, फुलवारीशरीफ भेजा। किशोरी के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस गेस्ट हाउस संचालक से भी पूछताछ कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि आरोपी वहां कैसे पहुंचा और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा हो सके।
मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू, संपादक
