👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
सीतामढ़ी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दिनेश यादव हत्याकांड का मुख्य आरोपी सुनील कुशवाहा मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, दो अन्य अपराधी भी पकड़े गए
0
October 07, 2026
सीतामढ़ी। जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चर्चित दिनेश यादव हत्याकांड के मुख्य आरोपी सुनील कुशवाहा समेत तीन कुख्यात अपराधियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान तीनों आरोपी गोली लगने से घायल हुए हैं, जिन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील कुशवाहा, मणि कुमार और इंद्रदेव कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, गुप्त सूचना मिली थी कि दिनेश यादव हत्याकांड का मुख्य आरोपी सुनील कुशवाहा अपने साथियों के साथ रीगा-परसौनी इलाके में छिपा हुआ है। सूचना यह भी थी कि आरोपी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं। इसके बाद पुलिस की विशेष टीम ने इलाके में पहुंचकर घेराबंदी की और तलाशी अभियान शुरू किया।
पुलिस का कहना है कि घेराबंदी के दौरान खुद को चारों तरफ से घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में तीनों आरोपी घायल हो गए। इसके बाद पुलिस टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया और तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
मुठभेड़ के बाद घटनास्थल की तलाशी लेने पर पुलिस ने तीन सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अब बरामद हथियारों और कारतूसों की जांच के साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किस आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। इनके खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। दिनेश यादव हत्याकांड में भी पुलिस को मुख्य आरोपी सुनील कुशवाहा की लंबे समय से तलाश थी। उसकी गिरफ्तारी को मामले की जांच में महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।
फिलहाल तीनों आरोपियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस उनकी आपराधिक गतिविधियों, पूर्व के मामलों और दिनेश यादव हत्याकांड में उनकी भूमिका को लेकर आगे की पूछताछ और जांच कर रही है। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार और कारतूस आरोपियों तक कैसे पहुंचे और उनके साथ आपराधिक नेटवर्क में और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।
मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू
संपादक: रोहित कुमार सोनू
