मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में निर्माणाधीन सिविल अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे कलेक्टर अजय कटेसरिया उस समय नाराज हो गए, जब अस्पताल के नक्शे और मरीजों के लिए प्रस्तावित लिफ्ट से जुड़े सवालों का उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों से अस्पताल का मैप मंगवाया। अधिकारी नक्शा लेकर उनके सामने पहुंचे। इसके बाद कलेक्टर ने अस्पताल में मरीजों की आवाजाही के लिए बनाई जा रही लिफ्ट की व्यवस्था और उसके स्थान को लेकर अधिकारियों से जानकारी मांगी।
लिफ्ट से संबंधित जानकारी से कलेक्टर संतुष्ट नहीं हुए। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए नाराजगी जताई। वीडियो में कलेक्टर को अधिकारियों से कहते हुए सुना जा सकता है, “क्या बेवकूफी है यार। अच्छा हुआ कि मैं यहां देखने आ गया।”
कलेक्टर की नाराजगी के बाद मौके पर मौजूद अधिकारी चुप रहे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और अस्पताल में मरीजों की सुविधाओं को लेकर भी जानकारी ली।
कलेक्टर की नाराजगी का मुख्य कारण मरीजों की सुविधा से जुड़ी लिफ्ट की व्यवस्था को लेकर सामने आई स्थिति बताई जा रही है। हालांकि, पूरे मामले में संबंधित अधिकारियों की ओर से विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।