तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान संपन्न हो चुका है। अब उम्मीदवारों और समर्थकों की नजरें मतगणना पर टिकी हैं। आधिकारिक परिणाम आने में अभी समय है, लेकिन मतदान के बाद मिथिला हिन्दी न्यूज़ की टीम ने वैशाली, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी और शिवहर के अलग-अलग इलाकों में मतदाताओं से बातचीत कर चुनावी माहौल को समझने की कोशिश की है। इसी फील्ड फीडबैक के आधार पर मिथिला हिन्दी न्यूज़ अपना एग्जिट पोल और चुनावी विश्लेषण सामने रख रहा है।
तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मुख्य मुकाबला एनडीए के अभिषेक झा, महागठबंधन की रश्मि गौतम, निर्दलीय बंशीधर ब्रजवासी और जन सुराज के डॉ. विमोहन कुमार के बीच दिखाई दिया। मतदान के दौरान कुछ स्थानों पर छिटपुट घटनाओं को छोड़ दें तो चुनाव का माहौल लगभग शांतिपूर्ण रहा।
वैशाली में बदला समीकरण
वैशाली में एनडीए प्रत्याशी अभिषेक झा को अपेक्षित बढ़त मिलती दिखाई नहीं दे रही है। मिथिला हिन्दी न्यूज़ के सर्वे में वैशाली में रश्मि गौतम और जन सुराज के डॉ. विमोहन कुमार के बीच कड़ी टक्कर की तस्वीर सामने आई है। हालांकि बिदुपुर, लालगंज और पातेपुर के कुछ इलाकों में अभिषेक झा के पक्ष में चर्चा जरूर सुनने को मिली।
वहीं शिक्षक वर्ग के बीच कुछ क्षेत्रों में निर्दलीय प्रत्याशी बंशीधर ब्रजवासी का नाम भी मजबूती से सामने आया। इससे वैशाली का मुकाबला और भी दिलचस्प बनता दिखाई दे रहा है।
मुजफ्फरपुर में रश्मि गौतम को बढ़त का अनुमान
मुजफ्फरपुर इस चुनाव का सबसे महत्वपूर्ण क्षेत्र माना जा रहा है। यहां रश्मि गौतम और अभिषेक झा के बीच सीधी टक्कर दिखाई दे रही है, लेकिन मिथिला हिन्दी न्यूज़ के फील्ड सर्वे में रश्मि गौतम को हल्की बढ़त मिलती दिख रही है।
भूमिहार मतदाताओं के एक बड़े हिस्से का झुकाव रश्मि गौतम की तरफ दिखाई दिया। जहां यह वोट रश्मि गौतम को नहीं गया, वहां कुछ जगहों पर डॉ. विमोहन कुमार का नाम सामने आया। वहीं ओबीसी और ब्राह्मण मतदाताओं में अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग रुझान देखने को मिले।
मीनापुर में कुछ स्थानों पर अभिषेक झा की चर्चा सुनने को मिली, जबकि बोचहां में रश्मि गौतम मजबूत दिखाई दीं। मुसहरी प्रखंड के कुछ इलाकों में निर्दलीय बंशीधर ब्रजवासी का भी प्रभाव देखने को मिला।
मुजफ्फरपुर शहर में मतदान का समीकरण और भी दिलचस्प रहा। यहां अलग-अलग सामाजिक समूहों में अलग-अलग प्रत्याशियों के प्रति समर्थन की बात सामने आई। शिक्षित वर्ग के एक हिस्से में बंशीधर ब्रजवासी, भूमिहार मतदाताओं के बीच रश्मि गौतम और कुछ मतदाताओं के बीच अभिषेक झा का नाम सुनने को मिला।
सीतामढ़ी में कांटे की टक्कर, अभिषेक झा को मामूली बढ़त
सीतामढ़ी में रश्मि गौतम और अभिषेक झा के बीच कांटे की टक्कर दिखाई दे रही है। हालांकि मिथिला हिन्दी न्यूज़ के सर्वे के मुताबिक सीतामढ़ी में अभिषेक झा को मामूली बढ़त मिल सकती है।
सीतामढ़ी शहर में अभिषेक झा की स्थिति मजबूत बताई जा रही है, जबकि पुपरी, नानपुर और चोरौत क्षेत्र में समीकरण कुछ अलग दिखाई दिया। इन इलाकों में भूमिहार मतदाताओं के एक बड़े हिस्से के रश्मि गौतम के पक्ष में जाने की चर्चा रही। वहीं कुछ क्षेत्रों में डॉ. विमोहन कुमार के पक्ष में भी भूमिहार मतदाताओं के जाने की बात सामने आई।
पुपरी में एनडीए के परंपरागत कैडर के एक हिस्से में नाराजगी का संकेत मिला। कुछ मतदाताओं ने चुनावी प्रबंधन और स्थानीय स्तर पर सक्रियता को लेकर असंतोष जताया। बाजपट्टी में अभिषेक झा का पलड़ा भारी दिखाई दिया, जबकि सैदपुर सहित कुछ क्षेत्रों में भी नाराजगी की चर्चा सुनने को मिली।
इस चुनाव में सीतामढ़ी में एनडीए को पूर्व के चुनावों जैसा मजबूत चुनावी मैनेजमेंट दिखाई नहीं देने की चर्चा भी मतदाताओं के बीच रही। खासकर कुछ मतदाताओं ने पूर्व के चुनावों में दिखाई देने वाली सक्रियता की तुलना वर्तमान चुनाव से की।
शिवहर में तस्वीर साफ नहीं
शिवहर में किसी एक प्रत्याशी के पक्ष में स्पष्ट रुझान बताना अभी मुश्किल है। हालांकि यहां आनंद मोहन समर्थक मतदाताओं की कथित खामोशी चुनावी समीकरण को प्रभावित कर सकती है। कुछ इलाकों में रश्मि गौतम का नाम भी सुनने को मिला, लेकिन शिवहर का अंतिम रुझान बेहद करीबी हो सकता है।
क्या एनडीए के लिए परिणाम चौंकाने वाला होगा?
मिथिला हिन्दी न्यूज़ के फील्ड सर्वे से जो तस्वीर निकलकर सामने आ रही है, वह एनडीए के लिए पूरी तरह सहज नहीं दिखाई देती। अभिषेक झा को सीतामढ़ी और कुछ अन्य क्षेत्रों में बढ़त मिलती दिख रही है, लेकिन वैशाली और मुजफ्फरपुर में रश्मि गौतम के पक्ष में बनता माहौल उनके लिए चुनौती खड़ी कर सकता है।
दूसरी ओर रश्मि गौतम के लिए मुजफ्फरपुर का प्रदर्शन बेहद महत्वपूर्ण रहने वाला है। यदि यहां की बढ़त सीतामढ़ी और वैशाली के प्रदर्शन के साथ जुड़ती है, तो मुकाबला उनके पक्ष में जा सकता है।
बंशीधर ब्रजवासी भी शिक्षक वर्ग और कुछ शिक्षित मतदाताओं के बीच अपनी मौजूदगी दर्ज कराते दिखाई दिए हैं। वहीं जन सुराज के डॉ. विमोहन कुमार ने खासकर वैशाली में मुकाबले को बहुकोणीय बनाने का काम किया है।
मिथिला हिन्दी न्यूज़ का अनुमान
कुल मिलाकर मिथिला हिन्दी न्यूज़ के फील्ड सर्वे में तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मुकाबला बेहद करीबी दिखाई दे रहा है। फिलहाल प्राप्त फीडबैक के आधार पर रश्मि गौतम को बढ़त की स्थिति में माना जा सकता है, जबकि अभिषेक झा बेहद नजदीकी मुकाबले में हैं। डॉ. विमोहन कुमार और बंशीधर ब्रजवासी कुछ क्षेत्रों में वोट काटने के साथ-साथ परिणाम को प्रभावित करने की स्थिति में दिखाई दे रहे हैं।
यदि यही क्षेत्रीय रुझान मतगणना तक कायम रहता है, तो एनडीए के लिए परिणाम निराशाजनक और महागठबंधन की रश्मि गौतम के लिए लंबे राजनीतिक वनवास के बाद वापसी जैसा परिणाम साबित हो सकता है।
हालांकि यह मिथिला हिन्दी न्यूज़ का फील्ड सर्वे और अनुमान है, आधिकारिक परिणाम नहीं। अंतिम तस्वीर मतगणना के बाद ही साफ होगी। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र जैसे चुनाव में मतों का स्थानांतरण, प्रथम वरीयता और आगे की वरीयताओं का समीकरण अंतिम परिणाम को पूरी तरह बदल सकता है।