बरकट्ठा। हजारीबाग जिले के बरकट्ठा के डाकडीह स्थित साहू टोला में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में दो साल के बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान शिवम कुमार, पिता मनोज साव, निवासी बरकट्ठा के रूप में हुई है। बताया जाता है कि कुरकुरे खाते समय पैकेट में बच्चों को आकर्षित करने के लिए रखा छोटा गुब्बारा बच्चे ने निगल लिया, जिसके बाद उसकी सांस लेने में परेशानी होने लगी।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब पांच बजे शिवम के पिता ने स्थानीय दुकान से बैलून ब्रांड का कुरकुरे खरीदा था। बच्चा कुरकुरे खा रहा था। इसी दौरान पैकेट में रखा छोटा गुब्बारा उसके मुंह में चला गया और उसने उसे निगल लिया। गुब्बारा गले में फंसने के बाद बच्चे की हालत बिगड़ने लगी और उसे सांस लेने में काफी परेशानी होने लगी।
बच्चे की हालत बिगड़ते देख परिजन आनन-फानन में उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बरकट्ठा के लिए रवाना हुए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
घटना के बाद बरकट्ठा उत्तरी पंचायत की मुखिया प्रमिला देवी और प्रतिनिधि बसंत साव ने स्नैक्स के पैकेट में बच्चों को लुभाने के लिए गुब्बारे, प्लास्टिक की गोलियां और अन्य छोटे खिलौने रखे जाने को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ऐसी वस्तुएं छोटे बच्चों के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकती हैं और कंपनियों को बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीरता बरतनी चाहिए।
बताया जाता है कि संबंधित उत्पाद का निर्माण मां तारा फूड प्रोडक्ट, कतरास, धनबाद द्वारा किया जाता है। घटना ने स्नैक्स पैकेट में बच्चों को आकर्षित करने वाली वस्तुएं रखने की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने ऐसे उत्पादों की जांच और बच्चों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।