रोहिणी आचार्य का सम्राट चौधरी पर हमला, कहा- बिहार सरकार पूरी तरह फेल, दिल्ली के भरोसे चल रही सरकार


आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने बिहार सरकार और मुख्यमंत्री पर तीखा हमला बोला है। रोहिणी आचार्य ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने वीडियो के साथ लिखा कि बिहार सरकार की विफलता का यह खुद सरकार के मुखिया की ओर से दिया गया “कबूलनामा” है।

रोहिणी आचार्य ने कहा कि बिहार की 14 करोड़ आबादी में से करीब 10 करोड़ लोगों को मोदी सरकार खाद्यान्न उपलब्ध करा रही है। उन्होंने इसी बयान को आधार बनाते हुए आरोप लगाया कि इससे साफ है कि राज्य सरकार बिहार के लोगों के लिए कुछ नहीं कर रही और पूरी तरह केंद्र सरकार पर निर्भर है।

उन्होंने मुख्यमंत्री पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर केंद्र सरकार बिहार के इतने बड़े हिस्से की जिम्मेदारी उठा रही है, तो राज्य में भूखमरी और कुपोषण की समस्या अब तक क्यों बनी हुई है? उन्होंने यह भी पूछा कि बिहार से लोगों का दूसरे राज्यों की ओर पलायन आखिर क्यों नहीं रुक रहा है।

रोहिणी आचार्य ने कहा कि बिहार के लोग आज भी रोजी-रोटी और अपने परिवार का पेट पालने के लिए दूसरे राज्यों में जाने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के अभाव में बड़ी संख्या में लोग बिहार से बाहर जा रहे हैं।

रोहिणी आचार्य ने मुख्यमंत्री के बयान को बिहार सरकार की नाकामी से जोड़ते हुए कहा कि उनके बयान से ही सरकार की स्थिति स्पष्ट हो जाती है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में कुपोषण और पलायन जैसी गंभीर समस्याएं अब भी बनी हुई हैं और सरकार इनका स्थायी समाधान करने में विफल रही है।

👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.