👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
उत्तराखंड में बड़ा हेलिकॉप्टर हादसा: बद्रीनाथ से लौट रहे हेलिकॉप्टर के क्रैश होने से पायलट समेत छह लोगों की मौत, इलाके में मचा हड़कंप
0
October 30, 2026
मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू
उत्तराखंड में एक दर्दनाक हेलिकॉप्टर हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। बद्रीनाथ धाम से दर्शन कराकर लौट रहा एक हेलिकॉप्टर जोशीमठ के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भीषण हादसे में पायलट समेत हेलिकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई। हेलिकॉप्टर में पांच यात्री और एक पायलट सवार थे। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार, ट्रांस भारत (Trans Bharat) कंपनी का हेलिकॉप्टर बद्रीनाथ धाम से यात्रियों को दर्शन कराकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान जोशीमठ के मारवाड़ी क्षेत्र के पास चाई गांव की पहाड़ी के नजदीक हेलिकॉप्टर से संपर्क टूट गया। शुरुआत में हेलिकॉप्टर के लापता होने की आशंका जताई गई, लेकिन सर्च ऑपरेशन के दौरान उसके दुर्घटनाग्रस्त होने की पुष्टि हुई।
हेलिकॉप्टर का रजिस्ट्रेशन नंबर VT-HCX बताया गया है। इसमें पायलट के अलावा पांच यात्री सवार थे। यात्रियों की पहचान प्रथापा, अरुण सालुंके, शंकरगौड़ा वीजी, सुधीर के और एच.एस. नागाराजा के रूप में बताई गई है। हादसे में सभी छह लोगों की जान चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गई। अपर जिलाधिकारी चमोली विवेक प्रकाश ने बताया कि हादसे के बाद क्षेत्र में राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है। आपदा प्रबंधन से जुड़ी टीमें मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गईं।
इस दर्दनाक हादसे पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से चाई गांव के पास हेलिकॉप्टर दुर्घटना की घटना को बेहद दुखद बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की टीमें संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वह पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ले रहे हैं। हादसे के बाद प्रशासन की ओर से घटनास्थल पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
बद्रीनाथ धाम से लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ हुए इस हादसे ने एक बार फिर पर्वतीय क्षेत्रों में हेलिकॉप्टर सेवाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों के प्रति क्षेत्र में शोक की लहर है।
मिथिला हिन्दी न्यूज
संपादक: रोहित कुमार सोनू
