बिहार के 13 जिलों से दिल्ली के लिए सीधी बस सेवा शुरू, एसी-स्लीपर समेत जानिए पूरा किराया और रूट

बिहार से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब ट्रेन में लंबी वेटिंग लिस्ट और तत्काल टिकट की मारामारी से परेशान यात्रियों को एक और विकल्प मिल गया है। बिहार के 13 जिलों से दिल्ली के लिए नियमित अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू कर दी गई है। इस सेवा के तहत यात्रियों को एसी, नॉन-एसी, सीटर और स्लीपर बसों की सुविधा मिलेगी। शुक्रवार को दिल्ली और बिहार के बीच इस बस सेवा की शुरुआत की गई। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह और बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने संयुक्त रूप से बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पहले दोनों राज्यों के परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बस परिचालन को लेकर समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) के अनुसार, बिहार के 13 जिलों से दिल्ली के लिए कुल 18 मार्ग निर्धारित किए गए हैं। इनमें पटना से सबसे अधिक चार रूट शामिल हैं। मुजफ्फरपुर और गयाजी से दो-दो मार्गों पर बसें चलेंगी। इसके अलावा अररिया, बिहारशरीफ, भागलपुर, बक्सर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, मधुबनी, नवादा और पूर्णिया से भी दिल्ली के लिए बस सेवा उपलब्ध होगी। इस सेवा के लिए कुल 149 डीलक्स बसें खरीदी गई हैं। इनमें 75 नॉन-एसी और 74 एसी बसें शामिल हैं। इसके अलावा पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत 150 अन्य बसों का भी परिचालन किया जाएगा। इससे आने वाले समय में बिहार और दिल्ली के बीच बसों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। पटना से दिल्ली जाने के लिए नॉन-एसी सीटर बस का किराया 1615 रुपये, नॉन-एसी स्लीपर का 1715 रुपये, एसी सीटर का 1980 रुपये और एसी स्लीपर का किराया 2919 रुपये निर्धारित किया गया है। मुजफ्फरपुर से दिल्ली जाने के लिए नॉन-एसी सीटर का किराया 1470 रुपये, नॉन-एसी स्लीपर का 1570 रुपये, एसी सीटर का 1804 रुपये और एसी स्लीपर का 2717 रुपये होगा। वहीं गयाजी से दिल्ली का नॉन-एसी सीटर किराया 1555 रुपये और एसी स्लीपर का 2784 रुपये निर्धारित किया गया है। दरभंगा से दिल्ली के लिए नॉन-एसी सीटर का किराया 1592 रुपये और एसी स्लीपर का 2866 रुपये होगा। पूर्णिया से दिल्ली जाने पर नॉन-एसी सीटर के लिए 2018 रुपये और एसी स्लीपर के लिए 3383 रुपये खर्च करने होंगे। भागलपुर से दिल्ली का किराया क्रमशः 1917 रुपये और 3256 रुपये है। अररिया से दिल्ली जाने के लिए नॉन-एसी सीटर का किराया 1929 रुपये और एसी स्लीपर का 3275 रुपये निर्धारित किया गया है। इसके अलावा किशनगंज से दिल्ली का नॉन-एसी सीटर किराया 2011 रुपये, मोतिहारी से 1429 रुपये, सीतामढ़ी से 1579 रुपये, शिवहर से 1559 रुपये, सीवान से 1276 रुपये, सुपौल से 1774 रुपये और लौकहा से 1844 रुपये निर्धारित किया गया है। इस नई बस सेवा का सबसे बड़ा फायदा सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा और मुजफ्फरपुर समेत आसपास के जिलों के यात्रियों को मिल सकता है। अब दिल्ली जाने के लिए कई यात्रियों को पटना या दूसरे बड़े शहरों तक पहुंचने की मजबूरी नहीं होगी। सीधे बस सेवा मिलने से समय और अतिरिक्त खर्च दोनों की बचत हो सकती है। यात्री बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की आधिकारिक वेबसाइट www.bsrtc.bihar.gov.in पर बसों की समय-सारणी, रूट, किराया और ऑनलाइन टिकट बुकिंग की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा टोल फ्री नंबर 1800-345-7251 पर फोन करके भी जानकारी ली जा सकती है। प्रत्येक मार्ग पर बिहार और दिल्ली दोनों तरफ से 12-12 परमिट का कोटा निर्धारित किया गया है। ऐसे में दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए यह नई बस सेवा एक महत्वपूर्ण विकल्प बनकर सामने आई है। मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.