👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
"अंकल, मुझे बचा लो...!" डेढ़ करोड़ के इंजेक्शन के इंतजार में मासूम नेहा, बेबस मां की आंखों से छलक रहे आंसू, सोनू सूद से लगाई आखिरी उम्मीद
0
November 27, 2026
एक मां की बेबसी और एक मासूम बच्ची की दर्दभरी पुकार सुनकर शायद ही कोई अपनी आंखों के आंसू रोक पाए। गंभीर बीमारी से जूझ रही छोटी सी नेहा मांझी जिंदगी और बीमारी के बीच संघर्ष कर रही है। वह रोते हुए अभिनेता सोनू सूद से कह रही है, "अंकल, मुझे बचा लो... मेरे मम्मी-पापा मेरा इलाज कराने में सक्षम नहीं हैं। प्लीज, मुझे बचा लो।" जिस उम्र में बच्चों के हाथों में खिलौने होने चाहिए, उस उम्र में नेहा अपनी जिंदगी बचाने की गुहार लगा रही है।
नेहा स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी (SMA) टाइप-3A नामक दुर्लभ आनुवंशिक बीमारी से पीड़ित है। इस बीमारी के इलाज में इस्तेमाल होने वाले एक इंजेक्शन की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है। गरीब परिवार के लिए इतनी बड़ी रकम जुटाना नामुमकिन जैसा है। बेटी की जिंदगी बचाने की चाहत में मां दर-दर भटक रही है, लेकिन आर्थिक मजबूरी उसके रास्ते की सबसे बड़ी दीवार बन गई है।
नेहा की मां की आंखों में बस एक ही सपना है कि किसी तरह उनकी बेटी को इलाज मिल जाए। वह मोकामा विधायक अनंत सिंह के नदावां स्थित आवास भी मदद की उम्मीद लेकर पहुंची थीं, लेकिन शादी की व्यस्तताओं के कारण उनकी मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद बेबस मां ने सोशल मीडिया के जरिए अभिनेता सोनू सूद से मदद की गुहार लगाई है।
फिलहाल मां अपनी बच्ची के इलाज की उम्मीद लेकर बाढ़ स्थित स्थायी रैन बसेरे में रुकी हुई हैं। हर गुजरता दिन उनके लिए एक नई चिंता लेकर आता है। अपनी बेटी को बीमारी से जूझते देखना और उसके इलाज के लिए जरूरी पैसे नहीं जुटा पाना एक मां के लिए कितना दर्दनाक होगा, इसका अंदाजा लगाना भी मुश्किल है।
स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी एक दुर्लभ बीमारी है, जिसमें शरीर की मांसपेशियों को नियंत्रित करने वाली तंत्रिका कोशिकाएं प्रभावित होती हैं। इसके कारण मांसपेशियां कमजोर होने लगती हैं और चलने-फिरने जैसी गतिविधियों पर असर पड़ता है।
अब नेहा के परिवार को अभिनेता सोनू सूद से उम्मीद है। मां चाहती हैं कि उनकी बेटी की पुकार उन तक पहुंचे और कोई ऐसा मददगार सामने आए, जो इलाज का रास्ता खोल सके। आखिर एक मासूम बच्ची भी जीना चाहती है, खेलना चाहती है और अपने बचपन को महसूस करना चाहती है।
मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू
