एक्सपायर नमकीन-बिस्कुट पीसकर बनाया जा रहा था तेल! कहीं आपकी रसोई तक तो नहीं पहुंच रहा मौत का सामान? 200 ड्रम बरामद, 5 गोदाम सील

बदायूं के ओरछी में ऐसा खतरनाक कारोबार सामने आया है, जिसे जानकर हर कोई हैरान रह जाएगा। जिन नमकीन, बिस्कुट, मैगी, चाउमीन, टॉफी और चॉकलेट को एक्सपायर होने के बाद कूड़ेदान में फेंक देना चाहिए, उन्हीं जहरीले हो चुके खाद्य पदार्थों को मशीनों में पीसकर तेल निकालने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आशंका है कि इस तेल को सामान्य खाद्य तेल में मिलाकर लोगों की रसोई और चाट-पकौड़ी के ठेलों तक पहुंचाया जा रहा था। यानी जिस खाने को लोग स्वाद समझकर खा रहे हों, उसकी शुद्धता पर ही बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। मामले की शुरुआती जांच में इस अवैध कारोबार के तार दिल्ली, हरियाणा, कानपुर और राजस्थान समेत कई राज्यों से जुड़ने की आशंका जताई गई है। खराब और एक्सपायरी के करीब पहुंच चुके खाद्य पदार्थ बेहद सस्ते दामों पर मंगाए जाते थे। इनमें नमकीन, बिस्कुट, चाउमीन, मैगी, सोया उत्पाद, टॉफी, चूर्ण और चॉकलेट तक शामिल होने की बात सामने आई है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि तेल की बिक्री कागजों में बायोडीजल कंपनियों को दिखाए जाने की बात कही जा रही है, जबकि स्थानीय स्तर पर इसके खाद्य तेल में मिलाकर इस्तेमाल किए जाने की आशंका की जांच हो रही है। डीएम अवनीश राय के निर्देश पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच गोदामों को सील कर दिया। छापेमारी में 200 से अधिक ड्रम तेल बरामद किए गए हैं। अधिकारियों ने कारोबारियों को खरीद-बिक्री के बिल और अन्य दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए तीन दिन का समय दिया है। लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं होती। एक्सपायर खाद्य पदार्थों को पीसकर तेल निकालने के बाद बचे कचरे से नकली पशु खल तैयार करने का भी संदेह है। आरोप है कि अवशेषों में डस्ट और दूसरी सामग्री मिलाकर पशुओं के लिए खल बनाई जा रही थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, ओरछी से सिसरका चौराहे तक डेढ़ दर्जन से अधिक स्पेलर और तेल निकालने वाले कारखाने संचालित होने की बात सामने आई है। इन कारखानों में 300 से 500 महिला और पुरुष श्रमिकों के काम करने की चर्चा है। अब प्रशासन कारोबारियों की संपत्ति और बैंक खातों की जांच की तैयारी कर रहा है। खाद्य विभाग पूरे मामले की पड़ताल कर रहा है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर एक्सपायर खाद्य पदार्थों से निकाला गया तेल बाजार में खाद्य तेल के रूप में बेचा जा रहा था, तो अब तक कितने लोगों की थाली तक यह पहुंच चुका होगा? किन दुकानों और कारोबारियों के माध्यम से इसकी सप्लाई हुई? और क्या इस नेटवर्क के पीछे कोई बड़ा माफिया काम कर रहा है? यह मामला सिर्फ मिलावट का नहीं, बल्कि आम लोगों की सेहत और भरोसे से जुड़े गंभीर सवाल खड़े करता है। मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.